जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो नगर निगम क्षेत्र में नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने और आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर मेयर सुधा गुप्ता ने टीचर्स कॉलोनी के मूर्ति लाइन, रोड नंबर 1 समेत अन्य क्षेत्र का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से मुलाकात कर क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं की जानकारी ली तथा मौके पर मौजूद अधिकारियों एवं संबंधित कर्मियों को समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. निरीक्षण के दौरान जलजमाव, सड़क की खराब स्थिति और स्ट्रीट लाइट की समस्या प्रमुख रूप से सामने आई. स्थानीय लोगों ने बताया कि बारिश के दौरान कई स्थानों पर पानी जमा हो जाने से आवागमन में परेशानी होती है. जलजमाव के कारण सड़क पर चलना मुश्किल होने के साथ-साथ आसपास रहने वाले लोगों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है. मेयर सुधा गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जलजमाव वाले स्थानों को चिन्हित कर जल निकासी की व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए तथा नालियों की सफाई और आवश्यकतानुसार जल निकासी की व्यवस्था तत्काल सुनिश्चित की जाए. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में जलजमाव की समस्या को गंभीरता से लेते हुए स्थायी समाधान की दिशा में भी कार्य किया जाना चाहिए. इसके साथ ही क्षेत्र में खराब एवं बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों का भी निरीक्षण किया गया. मेयर ने संबंधित विभाग को निर्देश दिया कि खराब लाइटों की सूची तैयार कर शीघ्र मरम्मत अथवा आवश्यकतानुसार नई स्ट्रीट लाइट लगाने की कार्रवाई की जाए, ताकि रात के समय लोगों को पर्याप्त रोशनी मिल सके और सुरक्षा व्यवस्था बेहतर हो. सड़क की स्थिति को लेकर भी मेयर ने अधिकारियों से जानकारी ली. उन्होंने निर्देश दिया कि जहां सड़क की स्थिति खराब है, वहां प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक मरम्मत एवं निर्माण कार्य कराया जाए. उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क, जल निकासी और पर्याप्त रोशनी नागरिकों की मूलभूत आवश्यकताओं में शामिल हैं और नगर निगम प्रशासन को इन सुविधाओं को सुनिश्चित करने के लिए गंभीरता से काम करना होगा. (नीचे भी पढ़ें)
मेयर सुधा गुप्ता ने कहा कि मानगो नगर निगम क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड और मोहल्ले में मूलभूत नागरिक सुविधाओं को बेहतर करना उनकी प्राथमिकता है. जनता को किसी समस्या के लिए लंबे समय तक इंतजार न करना पड़े, इसके लिए अधिकारियों को मौके पर जाकर समस्याओं को समझने और समयबद्ध तरीके से उसका समाधान करने की आवश्यकता है. उन्होंने कहा कि निरीक्षण का उद्देश्य केवल समस्याओं को देखना नहीं, बल्कि समस्या के समाधान की दिशा में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करना है. अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि संबंधित कार्यों की प्रगति पर नजर रखते हुए जल्द से जल्द लोगों को राहत पहुंचाई जाए. मेयर ने स्थानीय नागरिकों से भी अपील की कि वे अपने क्षेत्र की समस्याओं की जानकारी नगर निगम तक पहुंचाएं, ताकि उनका प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जा सके. उन्होंने भरोसा दिलाया कि मानगो के विकास और नागरिक सुविधाओं में सुधार के लिए नगर निगम स्तर पर लगातार कार्य जारी रहेगा.




