जमशेदपुर : जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र के तमरिया रोड स्थित क्वार्टर नंबर एल-2/27 में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने मामले में सुमित दास उर्फ लंगड़ा (25) को गिरफ्तार किया है. उसकी निशानदेही पर चोरी के सोने-चांदी के जेवरात और घटना में इस्तेमाल हथौड़ी व छैनी बरामद की गई है. वहीं, मामले में शामिल दूसरे आरोपी मो जाफर को कदमा थाना में पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है. उसके पास से चोरी के शेष जेवरात बरामद किए गए हैं. शनिवार को सिटी एसपी ललित मीणा ने संवाददाता सम्मेलन आयोजित कर जानकारी दी. उन्होंने बताया कि 7 सितंबर की दोपहर साकची थाना क्षेत्र के तमरिया रोड स्थित सुधांशु आदित्या के क्वार्टर में अज्ञात चोरों ने घुसकर सोने-चांदी के जेवरात और अन्य सामान चोरी कर लिया था. इस संबंध में साकची थाना में 8 सितंबर को प्राथमिकी दर्ज की गई थी. सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्य से आरोपी तक पुलिस पहुंची. टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मानवीय सूचना के आधार पर सुमित दास उर्फ लंगड़ा को गिरफ्तार किया. उसकी निशानदेही पर चोरी के जेवरात बरामद किए गए. (नीचे भी पढ़ें)

गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास : सीतारामडेरा निवासी सुमित दास उर्फ लंगड़ा का आपराधिक इतिहास रहा है. दोनों साथ में मिलकर चोरी की घटना को अंजाम देते थे. फिलहाल एक आरोपी को पूर्व ही और दूसरे को शनिवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.


















