जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो के जवाहरनगर रोड नंबर 13बी के वार्ड नंबर 19 में बदहाल सड़क और जलनिकासी की व्यवस्था से स्थानीय लोग परेशान हैं. इलाके में नाली का गंदा पानी सड़क पर जमा है. जगह-जगह सड़क और ब्लॉक टूटे हुए हैं, जबकि जलजमाव के कारण लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्षों से वे इसी समस्या का सामना कर रहे हैं, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हुआ है. स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क पर जमा गंदे पानी के बीच से होकर नमाजियों को मस्जिद तक जाना पड़ता है. बच्चों को भी इसी रास्ते से होकर स्कूल जाना पड़ता है. बारिश या नाली का पानी जमा होने के बाद स्थिति और खराब हो जाती है. लोगों को मजबूरी में गंदे पानी के बीच से होकर आवागमन करना पड़ रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
इलाके के लोगों में नगर निगम के प्रति नाराजगी भी है. उनका कहना है कि नगर निगम का चुनाव भी हो चुका है, लेकिन इसके बावजूद उनकी मूलभूत समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है. लोगों का सवाल है कि जब वर्षों से सड़क और नाली की स्थिति ऐसी ही बनी हुई है तो आखिर जिम्मेदार अधिकारी कब इस ओर ध्यान देंगे. (नीचे भी पढ़ें)

स्थानीय लोगों ने कहा कि सड़क की मरम्मत के साथ-साथ नाली की सफाई और जलनिकासी की उचित व्यवस्था जरूरी है. उनका कहना है कि गंदे पानी के बीच से बच्चों, बुजुर्गों और नमाजियों को गुजरना पड़ रहा है. लोगों ने नगर निगम के अधिकारियों से जल्द मौके का निरीक्षण कर समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है.







