लोहरदगा: लोहरदगा जिले के कुड़ू थाना क्षेत्र के सलगी गरभू टोली गांव में बुधवार सुबह करीब 9 बजे दिल दहला देने वाली घटना सामने आयी. पिता ने अपने ही बेटे की टांगी से वार कर हत्या कर दी. घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पिता फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए करीब एक घंटे के भीतर उसे सलगी जंगल से हिरासत में ले लिया. पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त टांगी भी बरामद कर ली है. जानकारी के अनुसार, सलगी गरभू टोली निवासी सुरेश वर्मा का पिछले करीब एक सप्ताह से अपने पुत्र संजय वर्मा के साथ विवाद चल रहा था. बताया जा रहा है कि सुरेश अक्सर नशे की हालत में रहता था और उसका बेटा संजय इस बात का विरोध करता था. इसी बात को लेकर दोनों के बीच लगातार कहासुनी होती रहती थी. परिवार के लोगों के अनुसार पिता-पुत्र के रिश्तों में पिछले कुछ दिनों से तनाव बना हुआ था.बुधवार सुबह सुरेश वर्मा घर से निकला और पड़ोस में जाकर नशा करने के बाद करीब 8 बजे वापस लौटा. (नीचे भी पढ़े)
उस समय घर में संजय अकेला अपने कमरे में सो रहा था. पुलिस के अनुसार घर में प्रवेश करते ही सुरेश ने टांगी उठायी और सीधे कमरे में पहुंचकर सो रहे संजय के माथे पर जोरदार वार कर दिया. अचानक हुए हमले से संजय को संभलने का मौका भी नहीं मिला और गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गयी.घटना की जानकारी तब हुई जब घर के अन्य सदस्य कमरे में पहुंचे. उन्होंने देखा कि संजय खून से लथपथ फर्श पर पड़ा है. इसके बाद घर में चीख-पुकार मच गयी. परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. घटना के बाद सुरेश वर्मा मौके से फरार हो गया, जिससे गांव में दहशत का माहौल बन गया.सूचना मिलते ही कुड़ू थाना प्रभारी अजीत कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लोहरदगा सदर अस्पताल भेज दिया. इसके साथ ही आरोपी की तलाश में छापेमारी शुरू की गयी. पुलिस ने करीब एक घंटे के भीतर सलगी जंगल से सुरेश वर्मा को गिरफ्तार कर लिया. उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त टांगी भी बरामद कर ली गयी.







