जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिला समाहरणालय सभागार में उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में विद्यालयों में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति,आधार एवं जन्म प्रमाण पत्र, छात्रवृत्ति भुगतान, शिक्षकों की सीपीडी ट्रेनिंग, विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं, पोषण वाटिका तथा बोर्ड परीक्षा परिणाम में सुधार के लिए संचालित विभिन्न कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई.सभी आवासीय विद्यालयों में मॉड्यूलर किचेन की स्थापना को लेकर उपायुक्त ने शिक्षा विभाग के अभियंता को आवश्यक डिजाइन एवं प्राक्कलन तैयार कर समर्पित करने का निर्देश दिया, ताकि विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए भोजन तैयार करने की व्यवस्था को बेहतर एवं सुव्यवस्थित किया जा सके.बैठक में स्कूली बच्चों के आधार पंजीकरण एवं अद्यतन के लिए विद्यालयवार आयोजित किए जा रहे कैम्प की समीक्षा करते हुए सभी बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. साथ ही विद्यालयों के पोषक क्षेत्र में अवस्थित आंगनबाड़ी केन्द्रों के बच्चों का भी इसी कैम्प के माध्यम से आधार कार्ड बनाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया गया.(नीचे भी पढ़े)
विद्यालयों में छात्र उपस्थिति की समीक्षा के क्रम में जमशेदपुर सदर क्षेत्र के विद्यालयों में 65.18 प्रतिशत छात्र उपस्थिति पाए जाने पर बीपीओ, बीआरसी जमशेदपुर को शोकॉज किया गया. वहीं शिक्षकों की सीपीडी ट्रेनिंग में अपेक्षित प्रगति नहीं पाए जाने पर बीपीओ, यूआरसी जमशेदपुर को भी शोकॉज किया गया.सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत जिन बच्चों का अभी तक जन्म प्रमाण पत्र नहीं बना है, उनके आवश्यक दस्तावेज संबंधित प्रखंड कार्यालय में जमा कराते हुए अग्रेतर कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा प्रगति से उपायुक्त कार्यालय को अवगत कराने का निर्देश दिया गया. सभी विद्यालयों में पोषण वाटिका विकसित करने को लेकर भी सख्त निर्देश देते हुए इसकी नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया.बैठक में 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षा में विद्यार्थियों के बेहतर प्रदर्शन के उद्देश्य से संचालित सिकुई-दिकुई अभियान की भी समीक्षा की गई.अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन एवं विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति के सूक्ष्म स्तरीय मूल्यांकन के लिए जिला के वरीय पदाधिकारियों को विद्यालयों से टैग करने तथा नियमित अनुश्रवण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.(नीचे भी पढ़े)
सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में लगभग 38 हजार किशोरियों को योजना से लाभान्वित किया जाना है.वर्तमान में लगभग 9 हजार किशोरियों के आवेदन लंबित हैं. उपायुक्त ने लंबित आवेदनों को यथाशीघ्र ई-विद्यावाहिनी पोर्टल के माध्यम से संबंधित सीडीपीओ को अग्रसारित करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
छात्रवृत्ति भुगतान की समीक्षा के क्रम में आधार अथवा बैंक खाता संबंधी त्रुटियों के कारण जिन छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति राशि का भुगतान नहीं हो पाया है, उनके डाटा को अद्यतन करते हुए संबंधित सूची कल्याण पदाधिकारी के कार्यालय में उपलब्ध कराने का निर्देश शिक्षा विभाग के पदाधिकारियों को दिया गया, ताकि पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का लाभ दिलाने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जा सके.(नीचे भी पढ़े)
उपायुक्त ने जिला स्तरीय समीक्षा बैठक के उपरांत जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं जिला शिक्षा अधीक्षक को अगले 15 दिनों के भीतर विभागीय स्तर पर विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित करने तथा सभी निर्देशों के अनुपालन की प्रगति की समीक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने विद्यालय स्तर पर संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की नियमित निगरानी करते हुए निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित करने पर जोर दिया. बैठक में उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, जिला शिक्षा पदाधिकारी निशु कुमारी, जिला शिक्षा अधीक्षक सुश्री जुही रानी, सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी, बीपीओ, बीआरपी, सीआरपी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी-कर्मी उपस्थित थे.




