जमशेदपुर: जमशेदपुर के डिमना स्थित एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल में होमगार्ड जवानों की बदली के बाद सुरक्षा जांच और साफ-सफाई को लेकर सख्ती बढ़ा दी गई है. अस्पताल के प्रवेश द्वार पर तीनों शिफ्ट में नियमित जांच अभियान चलाया जा रहा है. जांच के दौरान गुटखा, खैनी, गांजा, चिलम समेत अन्य नशीले और तंबाकू उत्पाद लेकर आने वालों से सामग्री जब्त की जा रही है. साथ ही लोगों को अस्पताल परिसर को स्वच्छ रखने और नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया जा रहा है. इसी क्रम में गुरुवार को बी शिफ्ट के इंचार्ज जसबीर सिंह ने एक मरीज के परिजन को शराब की बोतल के साथ अस्पताल में प्रवेश करते हुए पकड़ लिया. (नीचे भी पढ़ें)

नियमों के उल्लंघन पर उसे पुलिस के हवाले कर कानूनी कार्रवाई की बात कही गई. इस पर संबंधित व्यक्ति ने कार्रवाई नहीं करने की गुहार लगाई. बाद में भविष्य में ऐसी गलती दोबारा नहीं करने का लिखित आश्वासन देने के बाद उसे छोड़ दिया गया. इंचार्ज जसबीर सिंह ने बताया कि अस्पताल अधीक्षक डॉ. बलराम झा के निर्देश पर रोजाना प्रवेश द्वार पर जांच की जा रही है. जांच के दौरान बड़ी संख्या में तंबाकू उत्पाद जब्त किए जा रहे हैं. अस्पताल परिसर में नशे के सामान के प्रवेश पर रोक लगाने के साथ मरीजों और उनके परिजनों को स्वच्छता एवं अस्पताल के नियमों के प्रति जागरूक किया जा रहा है.




