चाकुलिया: स्वच्छता को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने और नागरिकों की सक्रिय सहभागिता के माध्यम से स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ चाकुलिया निर्माण के उद्देश्य से स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के अंतर्गत चाकुलिया नगर पंचायत द्वारा शुक्रवार को स्वच्छता ही सेवा-2026 अभियान के तहत नपं कर्मियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई. उन्होंने स्वच्छता को केवल एक अभियान नहीं, बल्कि दैनिक जीवन की नियमित आदत और सामूहिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाने का आह्वान किया. नपं पदाधिकारी ने कहा कि स्वच्छ शहर का निर्माण केवल नगर निगम के प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भूमिका आवश्यक है. (नीचे भी पढ़े)
17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले स्वच्छता ही सेवा-2026 अभियान की थीम स्वच्छता में सहभाग स्वच्छ भारत विकसित भारत है. अभियान के दौरान चाकुलिया नगर पंचायत द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान, जन-जागरूकता कार्यक्रम एवं जनभागीदारी आधारित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा. इन गतिविधियों के माध्यम से नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ स्वच्छता संबंधी जिम्मेदारियों के प्रति सजग एवं सहभागी बनाया जाएगा. (नीचे भी पढ़े)
चाकुलिया नगर पंचायत ने शहरवासियों से अपील की है कि स्वच्छ चाकुलिया के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें और स्वच्छता को अपने दैनिक व्यवहार का हिस्सा बनाएं. नागरिक कूड़ा निर्धारित स्थान पर ही डालें, गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग रखें, सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी न फैलाएं और अपने परिवार, पड़ोस एवं समुदाय के अन्य लोगों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित करें. नागरिकों की सहभागिता, सहयोग और जिम्मेदार व्यवहार से ही स्वच्छ, सुंदर एवं कूड़ा मुक्त शहर के लक्ष्य को साकार किया जा सकता है.




