चाकुलिया : चाकुलिया प्रखंड की सरडीहा पंचायत के दक्षिणशोल गांव जाने के दौरान शनिवार को सड़क हादसे में पांकलो गांव निवासी बालक नायक घायल हो गए. हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया. 108 एंबुलेंस सेवा से संपर्क किए जाने के बावजूद समय पर सहायता नहीं मिलने पर ग्रामीणों ने निजी वाहन की व्यवस्था कर घायल को मानुषमुड़िया स्थित निजी नर्सिंग होम पहुंचाया. मिली जानकारी के अनुसार पांकलो गांव निवासी बालक नायक (52) और सुखलाल मुर्मू (40) मोटरसाइकिल से दक्षिणशोल गांव गए थे. इसी दौरान रास्ते में मोटरसाइकिल दुर्घटनाग्रस्त हो गई. हादसे में बालक नायक को चोट लगी. घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की कोशिश की।ग्रामीणों के अनुसार दुर्घटना के बाद 108 एंबुलेंस सेवा से संपर्क किया गया, लेकिन समय पर एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हो सकी. (नीचे भी पढ़ें)
इसके बाद ग्रामीणों ने निजी वाहन की मदद से घायल को मानुषमुड़िया के एक निजी नर्सिंग होम पहुंचाया. वहां चिकित्सक ने घायल का प्राथमिक उपचार किया. चिकित्सक ने चोट की स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बालक नायक को बारीपदा रेफर कर दिया. ग्रामीणों ने आपात स्थिति में 108 एंबुलेंस सेवा की त्वरित उपलब्धता सुनिश्चित करने की आवश्यकता जताई है. उनका कहना है कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति के लिए शुरुआती समय में चिकित्सा सुविधा मिलना बेहद महत्वपूर्ण होता है. समय पर एंबुलेंस उपलब्ध होने से घायल को शीघ्र अस्पताल पहुंचाकर बेहतर उपचार शुरू किया जा सकता था.




