जमशेदपुर : जमशेदपुर के ग्रामीण इलाके एमजीएम थाना क्षेत्र में फर्जी पुलिस बनकर लूट की वारदात को अंजाम देने के मामले में पुलिस ने दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. गिरफ्त आरोपियों में कोलकत्ता के आजादगढ़ तालीगंज का रहने वाला बंटी गुहा (38) और जमशेदपुर के मानगो का रहने वाला इम्तियाज खान (32) शामिल है. इसके पास से वादी की लूटी हुई बाइक संख्या जेएच05डीजे0785 और दो फोन बरामद की गई. शनिवार को एमजीएम थाना प्रभारी मो माजिद उद्दीन ने संवाददाता सम्मेलन आयोजित कर जानकारी दी. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने बताया कि 10 सितंबर को अज्ञात अपराधियों ने नकली पुलिस बनकर एमजीएम थाना क्षेत्र के आरवीएस एकेडमी डिमना के पास वादी बिरेन दास को केस मैनेज करने की बात कहकर गोलमुरी में सुनसान जगह पर ले जाकर उसे डरा धमकाकर उसके पॉकेट से 25, 60 रुपये नकद, स्पेडर बाइक और दो मोबाइल लूट ली. इस संदर्भ में 13 सितंबर को एमजीएम थाना में अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज कराया गया. पटमदा डीएसपी के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया. तकनीकी साक्ष्य के आधार पर दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया. वहीं बंटी गुहा का कदमा, सीतारमडेरा समेत अन्य थाने में आपराधिक इतिहास रहा है. फिलहाल गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा रहा है.




