जमशेदपुर : जमशेदपुर के समाहरणालय सभागार में उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में जिला एड्स नियंत्रण एवं रोकथाम समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक में जिले में एचआईवी व एड्स की रोकथाम, एचआईवी जांच, उपचार, देखभाल एवं संक्रमित व्यक्तियों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने को लेकर संचालित गतिविधियों की समीक्षा की गई. बैठक में बताया गया कि इस वर्ष में अब तक 7,220 एचआईवी जांच की गई हैं. वहीं जिले में अनुमानित 3,410 पीएलएचआइवी (एचआईवी के साथ जीवन जी रहे व्यक्ति) हैं.(नीचे भी पढ़े)
उपायुक्त ने एचआईवी संक्रमण की रोकथाम के लिए जागरूकता गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने, अधिक से अधिक लोगों तक जांच एवं उपचार की सुविधा पहुंचाने तथा जरूरतमंद लोगों को उचित देखभाल एवं सहयोग उपलब्ध कराने पर जोर दिया. उपायुक्त ने कहा कि एचआईवी/एड्स की रोकथाम के लिए प्रीवेंशन, डिटेक्शन, ट्रीटमेंट, केयर व सपोर्ट पर समन्वित रूप से कार्य करने की आवश्यकता है. उन्होंने संबंधित विभागों एवं संस्थाओं को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जागरूकता, जांच एवं उपचार सेवाओं को और सुदृढ़ करने का निर्देश दिया. (नीचे भी पढ़े)
उन्होंने कहा कि एचआईवी के साथ जीवन जी रहे लोगों के प्रति संवेदनशील एवं सहयोगात्मक दृष्टिकोण आवश्यक है. करुणा, समन्वय और प्रतिबद्धता के साथ सामूहिक प्रयास करते हुए जिले को स्वस्थ एवं जागरूक बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जाए. बैठक में उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी, जिला एड्स नियंत्रण एवं रोकथाम समिति से जुड़े प्रतिनिधि तथा जनसंपर्क, शिक्षा, समाज कल्याण, नगर निकाय, एचआईवी पीड़ित के प्रतिनिधि एवं अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे.




