जमशेदपुर : सीएसआईआर–राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला (सीएसआईआर-एनएमएल), जमशेदपुर में बुधवार को संस्थान के मेडिकल सेल के तत्वावधान में 11वें आयुर्वेद दिवस का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य आयुर्वेद के माध्यम से स्वास्थ्य संरक्षण, रोगों की रोकथाम तथा स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना था.कार्यक्रम में डॉ. चित्रा सिंह मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहीं. कार्यक्रम का शुभारंभ सीएसआईआर-एनएमएल के निदेशक डॉ. संदीप घोष चौधुरी के स्वागत भाषण से हुआ. उन्होंने मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता का स्वागत करते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा स्वास्थ्य संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला. डॉ. प्रियंका सिंह ने मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता डॉ. चित्रा सिंह का परिचय प्रस्तुत किया तथा उनके कार्यक्षेत्र एवं विशेषज्ञता के बारे में उपस्थितजनों को जानकारी दी. कार्यक्रम में चिकित्सा सलाहकार समिति के अध्यक्ष डॉ. वीसी श्रीवास्तव ने “आयुर्वेद से स्वास्थ्य की रक्षा”विषय पर अपने विचार व्यक्त किए. उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संरक्षण के लिए संतुलित आहार, नियमित दिनचर्या एवं स्वस्थ जीवनशैली को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना महत्वपूर्ण है तथा इस दिशा में आयुर्वेद की महत्वपूर्ण भूमिका है.(नीचे भी पढ़े)

मुख्य वक्ता डॉ. चित्रा सिंह ने आयुर्वेद के मूल सिद्धांतों, संतुलित आहार, नियमित दिनचर्या एवं स्वस्थ जीवनशैली के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की. उन्होंने बताया कि आयुर्वेद का दृष्टिकोण केवल रोगों के उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वास्थ्य के संरक्षण एवं रोगों की रोकथाम पर भी विशेष बल देता है. उन्होंने दैनिक जीवन में स्वास्थ्यवर्धक आदतों को अपनाने तथा शरीर और मन के संतुलन के महत्व पर भी प्रकाश डाला.कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को आयुर्वेद एवं स्वास्थ्य संरक्षण से संबंधित उपयोगी जानकारी प्रदान की गई. साथ ही, स्वस्थ जीवनशैली से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया. कार्यक्रम के अंत में प्रशासन नियंत्रक जय शंकर शरण ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया. (नीचे भी पढ़े)
उन्होंने मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता, संस्थान के निदेशक, अधिकारियों, कर्मचारियों तथा सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया. कार्यक्रम का मंच संचालन सुश्री आंचल कुमारी, सहायक अनुभाग अधिकारी द्वारा किया गया. कार्यक्रम के सफल आयोजन में संस्थान के चिकित्सा अनुभाग की महत्वपूर्ण भूमिका रही. आयोजन एवं व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संपन्न कराने में अनुभाग अधिकारी राजू कुमार का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा.कार्यक्रम में सीएसआईआर-एनएमएल के वैज्ञानिकों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अन्य सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. आयोजन के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली, स्वास्थ्य संरक्षण एवं आयुर्वेद के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया.




