जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो डिमना स्थित एमजीएम अस्पताल में बुधवार अहले सुबह करीब साढ़े तीन बजे मोबाइल चोरी करते एक युवक को सुरक्षाकर्मियों ने रंगेहाथ पकड़ लिया. इसके बाद आरोपी को एमजीएम थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया. पुलिस ने उसके पास से चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए हैं. सूत्रों के अनुसार, मानगो थाना क्षेत्र के आजादबस्ती रोड नंबर-3 निवासी युवक मंगलवार देर रात अस्पताल में प्रवेश करने के बाद मोबाइल चोरी की फिराक में घूम रहा था. (नीचे देखे पूरी खबर)

बताया जाता है कि कई घंटे के दौरान वह तीन मोबाइल फोन चोरी कर चुका था. इसी बीच देर रात सुरक्षाकर्मियों की गश्ती टीम ने अस्पताल के सातवें तल्ले से लेकर भूतल तक जांच अभियान चलाया. इस दौरान युवक की गतिविधियां संदिग्ध मिलने पर उसे रोककर पूछताछ की गई. संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर सुरक्षाकर्मियों ने एमजीएम थाना पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को चोरी के मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार कर लिया. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके आपराधिक इतिहास समेत चोरी की अन्य घटनाओं में संलिप्तता की जांच की जा रही है.




