जमशेदपुर : टाटा–अमृतसर जलियांवाला बाग एक्सप्रेस (18103/18104) के कोहरे के कारण प्रस्तावित परिचालन बंद किए जाने के निर्णय को लेकर गुरुवार को भाजपा सिख नेता सतबीर सिंह सोमू के नेतृत्व में सिख समाज के प्रतिनिधिमंडल ने जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो से मुलाकात की. प्रतिनिधिमंडल ने सांसद के समक्ष जलियांवाला बाग एक्सप्रेस का परिचालन बंद नहीं करने एवं निर्णय पर पुनर्विचार कराने का आग्रह किया. प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि यह ट्रेन जमशेदपुर एवं पूरे कोल्हान को उत्तर भारत से जोड़ने वाली एक महत्वपूर्ण रेल सेवा है. इसके बंद होने से हजारों यात्रियों, विद्यार्थियों, कामगारों, व्यवसायियों एवं श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ेगा. (नीचे भी पढ़ें)
प्रतिनिधिमंडल ने आग्रह किया कि यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आधुनिक फॉग-सेफ्टी उपकरण, उन्नत सिग्नलिंग एवं अन्य सुरक्षा उपायों के साथ ट्रेन का परिचालन जारी रखने की संभावनाओं पर रेलवे स्तर पर विचार किया जाए. साथ ही टाटानगर-जम्मू तवी एक्सप्रेस को प्रतिदिन चलाने की मांग भी सांसद के समक्ष रखी गई. सांसद विद्युत वरण महतो ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और इस जनहित के विषय पर रेलवे के उच्च अधिकारियों एवं संबंधित स्तर पर आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया. इस अवसर पर अल्पसंख्यक मोर्चा के महामंत्री चंचल भाटिया, भारतीय जनता युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष नवजोत सिंह सोहल, अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रवक्ता सुरेंद्र सिंह शिंदे, इंद्रजीत सिंह, जसवंत सिंह, कर्मजीत सिंह कामे, जगतार सिंह, हैप्पी सिंह, कुलवंत सिंह, कुलवंत सिंह काते सहित बड़ी संख्या में भाजपा सिख नेता, सिख समाज के गणमान्य लोग एवं युवा साथी उपस्थित रहे.




