जमशेदपुरः काम में लापरवाही के आरोप में और अन्य विभागीय कारणों को लेकर जमशेदपुर के एसएसपी डॉ एहतेशाम वकारिब ने बिरसानगर थाना प्रभारी संतोष कुमार के खिलाफ कार्रवाई की है. एसएसपी ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में इसकी चर्चा तेज हो गई है. थाना प्रभारी के निलंबन के बाद बिरसानगर थाना क्षेत्र में विधि-व्यवस्था और पुलिसिंग व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए थाने में ही तैनात एक सब इंस्पेक्टर को अस्थायी रूप से थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है. संबंधित अधिकारी अब थाना क्षेत्र में पुलिस व्यवस्था की निगरानी करेंगे और लंबित मामलों के साथ-साथ नियमित पुलिसिंग कार्यों को आगे बढ़ाएंगे. (नीचे भी पढ़ें)
हालांकि, संतोष कुमार के निलंबन की ठोस वजह पुलिस विभाग की ओर से फिलहाल आधिकारिक तौर पर स्पष्ट नहीं की गई है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, उनके कार्यों और विभागीय स्तर पर सामने आए विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की जा रही है. समीक्षा पूरी होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई अथवा स्थिति स्पष्ट होने की संभावना है. एसएसपी की इस कार्रवाई को पुलिस विभाग में कार्यप्रणाली और अनुशासन को लेकर सख्ती के तौर पर देखा जा रहा है. बिरसानगर थाना में अस्थायी प्रभारी की नियुक्ति के साथ पुलिसिंग व्यवस्था को सामान्य रखने का प्रयास किया जा रहा है.




