जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिरसानगर थाना क्षेत्र के जोन-6 में गुरुवार देर रात असामाजिक तत्वों ने जमकर उत्पात मचाया. उपद्रवियों ने सड़क किनारे खड़ी दो कारों के शीशे तोड़ दिए. इसके बाद एक कार में आग लगाने की भी कोशिश की गई. हालांकि समय रहते लोगों की नजर पड़ने के कारण बड़ा हादसा टल गया. बताया जाता है कि उपद्रवियों ने इलाके में स्थित एक दुकान को भी निशाना बनाया. दुकान का ताला तोड़कर अंदर रखा सामान बाहर सड़क पर फेंक दिया गया. घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया. (नीचे भी पढ़ें)

स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना बिरसानगर पुलिस को दी. घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि उपद्रवियों की पहचान की जा सके. घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है. (नीचे भी पढ़ें)

लोगों ने रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने और ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की है. पुलिस ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिया है.







