जमशेदपुर : जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र के घाघीडीह स्थित गंगोत्री कॉलोनी निवासी अमित कुमार ने अपने घर में लगे पुराने बिजली मीटर के रहते कथित रूप से नया मीटर लगाए जाने को लेकर विद्युत विभाग में शिकायत की है. उन्होंने आरोप लगाया है कि उनके डुप्लेक्स कॉलोनी स्थित घर को किराये पर रहने वाले आनंद कुमार ने उनकी अनुमति के बिना अपनी पत्नी मधुलिका रानी के नाम से नया बिजली मीटर लगवा लिया. अमित कुमार ने 8 दिसंबर 2023 को कार्यपालक अभियंता एवं कनीय विद्युत अभियंता, जुगसलाई/बागबेड़ा को दिए आवेदन में बताया कि उनके घर में पहले से टीआरएफ 991 पी नंबर का बिजली मीटर लगा हुआ है. उन्होंने यह मकान आनंद कुमार को किराये पर दिया था और बिजली बिल का भुगतान भी किया जाता था. शिकायतकर्ता का आरोप है कि बाद में आनंद कुमार ने अपनी पत्नी मधुलिका रानी के नाम पर टीआरएफ 262 नंबर का नया मीटर लगवा लिया. (नीचे भी पढ़ें)
अमित कुमार के अनुसार, विद्युत कार्यालय से जानकारी लेने पर पुराने मीटर पर करीब 16 हजार रुपये बकाया होने की बात सामने आई. उन्होंने पिछले चार वर्षों से बिजली चोरी किए जाने का भी आरोप लगाया है. हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी. अमित कुमार ने विद्युत विभाग से नए मीटर की जांच कराने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने आरोप लगाया कि आनंद कुमार आसपास के लोगों को डराते-धमकाते हैं, ताकि कोई उनके खिलाफ आवाज नहीं उठाए. शिकायत की प्रतिलिपि सहायक विद्युत अभियंता, करनडीह और कनीय विद्युत अभियंता, बागबेड़ा को भी दी गई है.




