जमशेदपुर : झारखंड राज्य कृषि विपणन परिषद के निदेशक मंडल द्वारा कृषि उत्पादन बाजार समितियों की दुकानों के किराए में वृद्धि किए जाने की खबर से प्रदेश के व्यापारियों में रोष व्याप्त है. व्यापारियों के आक्रोश को स्वर देते हुए सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के उपाध्यक्ष (ट्रेड एंड कॉमर्स) अनिल मोदी ने झारखंड के कृषि मंत्री एवं कृषि विपणन परिषद के प्रबंध निदेशक को पत्र लिखकर प्रस्तावित किराया वृद्धि पर अविलंब रोक लगाने की मांग की है. अनिल मोदी ने कहा कि राज्य की अधिकांश कृषि उत्पादन बाजार समितियों में व्यापारियों को आज भी बिजली, पानी, सड़क, साफ-सफाई एवं सुरक्षा जैसी पर्याप्त बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं. ऐसे में सुविधाओं में सुधार किए बिना किराए में बड़ी वृद्धि व्यापारियों पर अतिरिक्त बोझ डालने वाला निर्णय होगा. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि समाचारों के अनुसार दुकानों का किराया 4 रुपये प्रति वर्गफुट से बढ़ाकर 9 रुपये प्रति वर्गफुट किए जाने का प्रस्ताव है. वर्तमान व्यापारिक परिस्थितियों में यह वृद्धि व्यापारियों के लिए गंभीर चुनौती उत्पन्न करेगी. पहले बाजार समितियों में मूलभूत सुविधाएं बहाल एवं विकसित की जाय, उसके बाद ही किराए के पुनर्निर्धारण पर विचार करना उचित होगा. बाजार समिति के किराए में वृद्धि से संबंधित मामला झारखंड हाईकोर्ट में लंबित होने की जानकारी है. ऐसी स्थिति में न्यायालय के निर्णय की प्रतीक्षा किए बिना किराया वृद्धि को आगे बढ़ाना उचित नहीं होगा. उन्होंने कहा कि सरकार और व्यापार जगत के बीच संवाद एवं समन्वय से ही ऐसा रास्ता निकाला जा सकता है, जिससे बाजार समितियों का विकास भी हो और व्यापारियों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ भी न पड़े. इससे प्रदेश में एक स्वस्थ, सकारात्मक एवं व्यापार के अनुकूल वातावरण कायम करने में मदद मिलेगी.




