जमशेदपुर : स्वर्णरेखा क्षेत्र विकास ट्रस्ट और नेचर फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में तथा जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय के नेतृत्व में रविवार 4 अक्टूबर को आयोजित होने वाले शिक्षकों का सम्मान, शिक्षा का उत्थान कार्यक्रम की तैयारियां प्रायः पूरी हो गई हैं. यह कार्यक्रम डीबीएमएस हाई स्कूल का कलाकृति प्रेक्षागृह (रंकिणी मंदिर के पास) में होगा. कार्यक्रम का उद्घाटन पूर्वाह्न 10 बजे होगा. कार्यक्रम में प्रमुख रुप से कोल्हान विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर एंजिला गुप्ता, विनोबा भावे विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर चंद्रभूषण शर्मा, नीलांबर पीतांबर विश्वविद्यालय पलामू के कुलपति डॉ दिनेश कुमार सिंह, एनआईटी जमशेदपुर के निदेशक प्रोफेसर गौतम सूत्रधर तथा रांची विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार डॉ ज्योति प्रकाश की उपस्थिति रहेगी. इस आयोजन में झारखंड के विभिन्न विश्वविद्यालयों के प्रोफेसर, रिसर्च स्कॉलर और शिक्षाविद शामिल होंगे. (नीचे भी पढ़ें)
आयोजन समिति के संयोजक और जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने बताया कि इस आयोजन का मकसद झारखंड की शिक्षा व्यवस्था की कमियों का पता लगा कर सरकार को उसके समाधान के बारे में बताना है ताकि झारखंड की शिक्षा व्यवस्था बेहतरीन हो सके. सेमिनार में शिक्षा पर आधारित एक स्मारिका का भी विमोचन किया जाएगा. उन्होंने बताया कि 4 अक्टूबर को पंजीकरण पूर्वाह्न 9 से 10 बजे तक होगा. इसके बाद उद्घाटन सत्र पूर्वाह्न 10 से 11 बजे तक चलेगा. प्रथम सत्र पूर्वाह्न 11.15 से अपराह्न 12.30 तक, द्वितीय सत्र अपराह्न 12.30 से 2 बजे तक, तृतीय सत्र अपराह्न 3 से 4.30 बजे तक (शिक्षकों का सम्मान) और चतुर्थ सत्र अपराह्न 4.30 से 5.30 बजे तक चलेगा.




