जमशेदपुर : जमशेदपुर की आजाद समाज पार्टी (कांशीराम), झारखंड की ओर से एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) एवं मतदाता सूची के पुनरीक्षण से संबंधित निर्णयों और निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर शनिवार को उपायुक्त कार्यालय पर प्रदर्शन किया गया. वहीं उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा गया. सौंपे गए ज्ञापन में मतदाताओं के अधिकारों की सुरक्षा, प्रक्रिया में पारदर्शिता और निर्वाचन आयोग की जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की गई है. पार्टी ने मांग की है कि एसआईआर प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाया जाए तथा मतदाता सूची से जुड़े मामलों की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए. पार्टी ने कहा है कि मतदाताओं के संवैधानिक और मताधिकार संबंधी अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए. (नीचे भी पढ़ें)

इसके अलावा, मतदाता सूची से किसी भी मतदाता का नाम हटाने या अन्य कार्रवाई करने से पहले संबंधित व्यक्ति को उचित सूचना देने और अपना पक्ष रखने का अवसर प्रदान करने की मांग की गई है. निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली एवं निर्णय लेने की प्रक्रिया में जवाबदेही और पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया है. ज्ञापन में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग से संबंधित ज्ञापन को उचित माध्यम से संबंधित उच्च अधिकारियों तक भेजने का अनुरोध किया गया है. (नीचे भी पढ़ें)
पार्टी की ओर से संबंधित सक्षम पदाधिकारी से सभी मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा मतदाता सूची पुनरीक्षण की पूरी प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और संविधानसम्मत तरीके से संचालित करने की अपील की गई है.




