जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम रेड क्रॉस सोसाइटी के माहव्यापी राष्ट्रीय रक्तदान अभियान के तहत नियमित रक्तदान एवं रक्त अवयवों (कम्पोनेंट्स) की आपूर्ति लगातार जारी है. 1 अक्टूबर को राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस के बाद 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर जमशेदपुर ब्लड सेंटर में कम्पोनेंट डोनेशन शिविर आयोजित किया गया. रेड क्रॉस के कम्पोनेंट डोनेशन प्रभारी प्रभुनाथ सिंह की देखरेख में आयोजित शिविर में टाटा स्टील के नवलेश कुमार ने 23वीं, एमवी प्रसाद ने 37वीं, सुमन चक्रवर्ती ने 13वीं, जोरावर सिंह गबरी ने 9वीं, पुष्कर कुमार ने 19वीं, प्रीतिश जैन ने 31वीं, अमनदीप सिंह ने 28वीं तथा पी. आनन्द ने 26वीं बार एसडीपी डोनेट किया. (नीचे भी पढ़ें)

इसके अलावा टाटा स्टील के प्रवीण चौधरी, संतोष मंडल, सुमित आनन्द एवं विकास कुमार ने भी रक्तदान किया. प्रभुनाथ सिंह ने बताया कि ये रक्तदाता 1 अक्टूबर को रक्तदान नहीं कर सके थे, इसलिए उन्होंने अगले दिन रक्तदान किया. जमशेदपुर ब्लड सेंटर की टीम के साथ मिलकर रक्तदाताओं को स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया. (नीचे भी पढ़ें)
रेड क्रॉस का रक्तदान शिविर 8 को, एहसिन फाउण्डेशन करेगा सहयोग
जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम रेड क्रॉस सोसाइटी की ओर से राष्ट्रीय रक्तदान के माहव्यापी अभियान के तहत 8 अक्टूबर को साकची रेड क्रॉस भवन में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा. शिविर का आयोजन सामाजिक एवं शैक्षणिक संस्था एहसिन फाउण्डेशन के संयोजन में रेड क्रॉस सोसाइटी के सहयोग से किया जा रहा है. एहसिन फाउण्डेशन के मुख्य ट्रस्टी एवं रेड क्रॉस के पेट्रॉन आसिफ महमूद ने बताया कि फाउण्डेशन अपने सभी सहयोगियों को रक्तदान के लिए प्रेरित करेगा. इस अभियान में एहसिन इंटरनेशनल स्कूल भी साझीदार के रूप में भाग लेगा. उन्होंने कहा कि रक्तदान समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का महत्वपूर्ण माध्यम है और युवाओं की सक्रिय भागीदारी से रक्त की आवश्यकता को पूरा करने में मदद मिलेगी.उन्होंने समाज के जागरूक युवाओं, संस्था के सहयोगियों एवं आम लोगों से 8 अक्टूबर को आयोजित रक्तदान शिविर में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की. रेड क्रॉस सोसाइटी ने भी राष्ट्रीय रक्तदान अभियान को सफल बनाने के लिए अधिक से अधिक युवाओं एवं रक्तदाताओं को इस शिविर से जोड़ने का आह्वान किया है. (नीचे भी पढ़ें)
223वां सेफ्टी फर्स्ट एड डिजास्टर मैनेजमेंट प्रशिक्षण 5 से
जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम रेड क्रॉस सोसाइटी की ओर से प्रत्येक माह आयोजित होने वाला 6 दिवसीय सेफ्टी फर्स्ट एड डिजास्टर मैनेजमेंट प्रशिक्षण का 223वां सत्र 5 अक्टूबर से 10 अक्टूबर तक रेड क्रॉस भवन, साकची में आयोजित किया जाएगा. प्रशिक्षण के लिए 5 अक्टूबर तक नामांकन लिया जायेगा. प्रशिक्षण के उद्घाटन दिवस 5 अक्टूबर को सुबह 8 से 10 बजे तक वैसे इच्छुक व्यक्तियों का भी नामांकन किया जायेगा, जो किसी कम्पनी में कार्यरत हैं अथवा दूसरे जिले या राज्य से प्रशिक्षण लेने के लिए जमशेदपुर आये हैं. प्रशिक्षण के दौरान औद्योगिक क्षेत्र में लागू महत्वपूर्ण सुरक्षा नियमों के साथ फर्स्ट एड के अंतर्गत प्राथमिक उपचार, बचाव कार्य तथा डिजास्टर मैनेजमेंट से संबंधित व्यावहारिक एवं लिखित प्रशिक्षण दिया जाएगा. प्रतिभागियों को आपदा की स्थिति में जान-माल के नुकसान को कम करने के उपायों की जानकारी भी दी जाएगी. रेड क्रॉस सोसाईटी ने औद्योगिक संस्थानों, कर्मचारियों एवं आपदा प्रबंधन तथा प्राथमिक उपचार में रुचि रखने वाले लोगों से प्रशिक्षण में शामिल होने की अपील की है




