गालूडीह : सुकरीगड़िया में पंडित रघुनाथ मुर्मू मेमोरियल क्लब की ओर से आयोजित दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता रविवार को सम्पन्न हो गई. प्रतियोगिता में 32 टीमों ने हिस्सा लिया. फाइनल में मुर्मू स्पोर्टिंग सीताडांगा और फायर एंड आइस एफसी केशरपुर में भिड़ंत हुईं. मुकाबले में फायर एंड आइस एफसी ने जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया. समापन समारोह के मुख्य अतिथि झामुमो प्रखंड अध्यक्ष दुर्गाचरण मुर्मू ने विजेता टीम को 20 हजार रुपये, खस्सी और ट्रॉफी तथा उपविजेता टीम को 15 हजार रुपये, खस्सी और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में होने वाली फुटबॉल प्रतियोगिताएं स्थानीय खिलाड़ियों को प्रतिभा दिखाने का मंच प्रदान करती हैं. युवाओं को खेल से जोड़ने पर उनकी ऊर्जा सकारात्मक दिशा में लगती है और गांवों से बेहतर खिलाड़ी उभर सकते हैं. उन्होंने खिलाड़ियों से नियमित अभ्यास के साथ पढ़ाई पर भी ध्यान देने की अपील की. मौके पर हुडिंग सोरेन, शास्त्री हेंब्रम, विष्णु महतो, पंचानन महतो, सुशांत पात्र समेत क्लब सदस्य व खेलप्रेमी मौजूद थे.




