जमशेदपुर : जमशेदपुर के ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा का अलख जगाने वाले जेवियर पब्लिक स्कूल के संस्थापक व निदेशक सुनील सिंह का शुक्रवार को निधन हो गया. उनका इलाज आदित्यपुर स्थित नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में चल रहा था. सुनील सिंह लंबे समय से कैंसर से पीड़ित थे, जिनका इलाज चल रहा था. 10 अक्तूबर शनिवार को उनका पार्थिव शरीर प्रातः 10 बजे उनके निवास स्थान गोविंदपुर दयाल सिटी से साकची स्वर्णरेखा घाट के लिए प्रस्थान करेगा, जहां अंतिम संस्कार किया जायेगा. वे अपने पीछे पत्नी के अलावा बेटे और बेटी का भरा पूरा परिवार छोड़ गये है. सुनील सिंह सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों में से एक है और ग्रामीण क्षेत्र से अशिक्षा को दूर करने के लिए निजी स्कूल का संचालन करते थे. दूसरी ओर, उनके निधन पर कई लोगों ने शोक जताया है. ज़ेवियर पब्लिक स्कूल के संचालक सुनील सिंह की कैंसर से हुई मौत पर जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने गहरा दुख जताया है. (नीचे भी पढ़ें)
सोशल मीडिया साइट एक्स पर श्री राय ने सुनील सिंह को स्व निर्मित, उत्साही, कर्मंठ, मिलनसार और बेहद मददगार युवक के रुप में स्मरण किया. सरयू राय ने एक संस्मरण साझा करते हुए लिखा कि 2022 में प्रथम बाल दिवस आयोजन में वे उनकी मदद में आगे आए. राजनीतिक दबाव में आकर पूर्वी सिंहभूम के तत्कालीन उपायुक्त ने अचानक आयोजन की पूर्व संध्या पर 13 नवम्बर की देर शाम क़रीब 9 बजे सभी सरकारी-ग़ैर सरकारी प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों को बाल मेला में भाग नहीं लेने का फ़रमान जारी कर दिया तो 14 नवम्बर की सुबह सुनील सिंह अपने विद्यालय के छात्रों और शिक्षकों के साथ अपने संसाधन से मेला स्थल पर आ गये. उनकी देखा-देखी अन्य ग़ैर सरकारी और कई सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भी जिला प्रशासन के आदेश को धत्ता बताकर बाल मेला स्थल पर पहुंचने लगे. (नीचे भी पढ़ें)
मेले का उद्घाटन सत्र शानदार रूप से संपन्न हुआ. सुनील सिंह हिम्मती इंसान थे. उनका नहीं रहना हमेशा खलेगा. इसके अलावा भाजपा नेता बिनोद सिंह ने भी उनको याद किया है और कहा है कि उनका सच्चा साथी इस दुनिया को अलविदा कह गया है.




