जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र के पारडीह चौक के पास रविवार सुबह ट्रक में चालक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी. मृतक की पहचान तमिलनाडु के राजीव गांधी स्ट्रीट इंडस्ट्रियल कॉलोनी निवासी मरियप्पन एम (46) के रूप में हुई है. वह ट्रक संख्या टीएन 52 एसी 5655 का चालक था. जानकारी के अनुसार, मरियप्पन शनिवार रात आदित्यपुर में माल खाली करने के बाद ट्रक लेकर बालीगुमा स्थित अपने कार्यालय जा रहा था. इसी दौरान पारडीह चौक के पास ट्रक का तेल खत्म हो गया, जिसके बाद उसने वाहन को वहीं खड़ा कर दिया. बताया जाता है कि रात में खाना खाने के बाद वह ट्रक में ही सो गया था. रविवार सुबह खलासी ने उसे अचेत अवस्था में देखा. (नीचे भी पढ़ें)
इसके बाद उसने इसकी सूचना अपने कार्यालय को दी. सूचना मिलने पर कार्यालय के लोग मौके पर पहुंचे और मानगो थाना की पुलिस को जानकारी दी. पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर चालक को देखा और आवश्यक कार्रवाई शुरू की. मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गयी है. परिजनों के जमशेदपुर पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा. फिलहाल चालक की मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा.





