जमशेदपुर : मानगो नगर निगम क्षेत्र में कचरे की सफाई नहीं होने को लेकर रविवार को जमकर आक्रोश देखने को मिला. मानगो के सात नंबर रोड स्थित बगानशाही मुर्दा मैदान में कई महीनों से जमा कचरे की सफाई नहीं होने से नाराज स्थानीय विधायक सरयू राय, वार्ड पार्षदों और स्थानीय लोगों ने अनोखे तरीके से विरोध जताया. सभी लोग मुर्दा मैदान से कचरा उठाकर मानगो नगर निगम कार्यालय पहुंचे और वहां कार्यालय के बाहर कई टन कचरा डंप कर दिया. (नीचे भी पढ़ें)

स्थानीय लोगों का आरोप है कि मुर्दा मैदान में लंबे समय से कचरे का अंबार लगा हुआ था. इससे आसपास के इलाकों में दुर्गंध फैल रही थी और लोगों को बीमारियां फैलने का डर सता रहा था. इस समस्या को लेकर स्थानीय लोगों ने कई बार नगर निगम के अधिकारियों से शिकायत की थी. विधायक सरयू राय ने भी अधिकारियों को कचरे की सफाई कराने को कहा था. इसके बावजूद सफाई नहीं होने से लोगों का गुस्सा बढ़ता गया. (नीचे भी पढ़ें)
आखिरकार, विधायक सरयू राय, वार्ड पार्षदों और स्थानीय लोगों ने खुद ही मुर्दा मैदान से कचरा उठाकर नगर निगम कार्यालय के बाहर डाल दिया. इस दौरान लोगों ने नगर निगम के अधिकारियों के खिलाफ जमकर नाराजगी भी जाहिर की और सफाई व्यवस्था पर सवाल उठाए. (नीचे भी पढ़ें)
विरोध के दौरान वार्ड पार्षदों ने कहा कि क्षेत्र की जनता सफाई नहीं होने को लेकर उनसे जवाब मांग रही है, लेकिन नगर निगम के अधिकारी शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं कर रहे हैं. पार्षदों का आरोप है कि बार-बार शिकायत करने और अधिकारियों को समस्या से अवगत कराने के बाद भी कचरे का उठाव नहीं किया गया. (नीचे भी पढ़ें)
इस घटना के बाद मानगो नगर निगम की सफाई व्यवस्था और अधिकारियों की कार्यशैली को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं. अब देखना है कि नगर निगम प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और मुर्दा मैदान समेत क्षेत्र के अन्य इलाकों में नियमित सफाई सुनिश्चित करने के लिए क्या कार्रवाई करता है.





