जमशेदपुर : एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज में कथित लापरवाही और मरीजों के परिजनों के साथ कर्मचारियों के दुर्व्यवहार को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की मानगो नगर समिति ने नाराजगी जताई है. शनिवार को नगर अध्यक्ष फतेह चंद्र टुडू के नेतृत्व में पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने अस्पताल अधीक्षक डॉ बलराम झा से मुलाकात कर अस्पताल की व्यवस्था पर कड़ा एतराज जताया. (नीचे भी पढ़ें)
प्रतिनिधिमंडल ने झामुमो कार्यकर्ता मोहम्मद फिरोज की पुत्री अलकमा फिरोज के इलाज में कथित लापरवाही का मामला उठाया. नेताओं ने कहा कि अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलनी चाहिएं. इसके साथ ही अस्पताल कर्मियों के व्यवहार में सुधार लाने की मांग भी की गई. (नीचे भी पढ़ें)
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार करने और मरीजों के साथ संवेदनशीलता से पेश आने की आवश्यकता पर जोर दिया. अस्पताल अधीक्षक डॉ. बलराम झा ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि अस्पताल की कमियों को दूर करने और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे. वहीं, झामुमो कार्यकर्ताओं ने अस्पताल की व्यवस्था में सुधार के लिए किए जाने वाले प्रयासों में पूरा सहयोग देने का भरोसा दिलाया. मौके पर प्रभात सिंह, रमेश मुर्मू, लक्की सिंह, इरफाना खातून, बिनोद डे, बबलू अख्तर, कृष्णा हांसदा, गौरव मल्लिक, मोहम्मद शहाबुद्दीन, परवेज अख्तर और मोहम्मद आसिफ समेत अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे.




