रामगोपाल जेना/चक्रधरपुर : पश्चिमी सिंहभूम जिले के टेबो थाना क्षेत्र में साईकाटा जानेवाली मुख्य सड़क पर अज्ञात अपराधियों ने एक पोकलेन मशीन में आग लगा दी. घटना शनिवार रात की बताई जा रही है. आगजनी की इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. फिलहाल आग लगाने वालों की पहचान नहीं हो पाई है. ग्रामीणों के अनुसार, सड़क निर्माण में लगे ठेकेदार शिव साहू गुरुवार को पोकलेन मशीन को घटनास्थल पर लेकर आए थे. पिछले करीब एक महीने से सड़क निर्माण कार्य बंद रहने के कारण मशीन को एक सुनसान स्थान पर खड़ा किया गया था. शनिवार रात करीब 10 बजे ग्रामीणों ने पोकलेन मशीन से आग की लपटें उठती देखीं. घटना को देखकर ग्रामीण सहम गए और भय के कारण अपने-अपने घरों में चले गए. (नीचे भी पढ़ें)
बताया जाता है कि टेबो से हलमद तक करीब 15 से 20 किलोमीटर सड़क निर्माण का कार्य चल रहा है. जिस स्थान पर पोकलेन मशीन में आग लगाई गई, वहां से टेबो थाना की दूरी महज एक किलोमीटर है, इसके बावजूद अज्ञात अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया. घटना की सूचना मिलने पर टेबो थाना में तैनात प्रशिक्षु बिरजू कुमार मेहता घटनास्थल पर पहुंचे और मामले का निरीक्षण किया. हालांकि, अब तक आगजनी के कारणों और इसमें शामिल लोगों के संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं.





