जमशेदपुर : आगामी दुर्गा पूजा महोत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने तथा प्रतिमा विसर्जन की तैयारियों को अंतिम रूप देने के उद्देश्य से रविवार को जिला प्रशासन के वरीय पदाधिकारियों एवं जमशेदपुर दुर्गा पूजा केंद्रीय समिति के प्रतिनिधियों ने शहर के विभिन्न प्रमुख विसर्जन घाटों का निरीक्षण किया. इस दौरान घाटों पर सुरक्षा, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग, गोताखोरों की तैनाती एवं विसर्जन में उपयोग होने वाले वाहनों की सुरक्षा सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया. (नीचे भी पढ़ें)

निरीक्षण के क्रम में साकची स्वर्णरेखा घाट, भुइयांडीह स्थित पांडेय घाट, बागबेड़ा बड़ौदा घाट, बिष्टुपुर स्थित बेली बोधनवाला घाट, कदमा स्थित सती घाट एवं दोमुहानी घाट तथा सोनारी स्थित नया पुल घाट का निरीक्षण किया गया. अधिकारियों ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि दुर्गापूजा एवं प्रतिमा विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे. इसके लिए सभी घाटों पर आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं, डेंजर जोन को चिह्नित कर वहां चेतावनी संकेत एवं बैलून लगाने की व्यवस्था की जाए तथा गोताखोरों की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित हो. साथ ही, विसर्जन में प्रयुक्त होने वाले वाहनों की सुरक्षा, पार्किंग स्थलों एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को भी दुरुस्त करने पर जोर दिया गया. (नीचे भी पढ़ें)

बागबेड़ा बड़ौदा घाट जाने के क्रम में केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति के महासचिव आशुतोष सिंह ने जिला प्रशासन के अधिकारियों का ध्यान बागबेड़ा की सड़कों पर जगह-जगह जमा कचरे के ढेर की ओर आकृष्ट कराया. इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करते हुए यथाशीघ्र साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. बड़ौदा घाट पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा बीडीओ एवं केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति के प्रतिनिधियों के बीच समन्वय स्थापित कर घाट की स्थिति में सुधार लाने के भी निर्देश दिए गए. वहीं, साकची स्वर्णरेखा घाट पर शेष बचे कार्यों को लेकर संबंधित विभागों, विशेषकर जुस्को (टाटा स्टील यूआइएसएल) एवं जेएनएसी को निर्देश दिया गया कि आगामी पूजा से पहले अगले चार से पांच दिनों के भीतर आवश्यक कार्यों को पूरा कर लिया जाए, ताकि प्रतिमा विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े. (नीचे भी पढ़ें)
जिला प्रशासन एवं केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति ने स्पष्ट किया कि दुर्गा पूजा महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुव्यवस्थित प्रतिमा विसर्जन सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएंगी. इसके लिए प्रशासनिक अधिकारियों, संबंधित विभागों एवं पूजा समितियों के बीच बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने पर विशेष बल दिया गया.





