आदित्यपुर : आदित्यपुर स्थित प्रवीण सेवा संस्थान श्री श्री दुर्गापूजा कमिटी की ओर से एम टाइप मैदान में निर्मित भव्य दुर्गा पूजा पंडाल को कलश स्थापना की देर शाम वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आम श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिया गया. पंडाल के पट खुलते ही मां दुर्गा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने और दर्शन व्यवस्था सुचारू बनाए रखने में पूजा कमिटी के स्वयंसेवकों को काफी मशक्कत करनी पड़ी. इससे पूर्व बिहार सरकार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने फीता काटकर पंडाल का विधिवत उद्घाटन किया. इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए महिला सशक्तीकरण और महिलाओं को सम्मान देने की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया. (नीचे भी पढ़ें)
मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि हम नौ दिनों तक पूरी श्रद्धा और भक्ति के साथ मां दुर्गा की आराधना करते हैं, लेकिन समाज में कई बार महिलाओं को उनका उचित सम्मान नहीं मिल पाता. उन्होंने कहा, “भारत की बेटियों को यथोचित सम्मान, प्यार और संबल देना ही वास्तविक दुर्गा स्तुति और महिला सशक्तिकरण है.” उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से दुर्गा पूजा का पर्व शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और भाईचारे के वातावरण में मनाने की अपील की. इस दौरान उन्होंने स्वयं को झारखंड की बेटी बताते हुए अपने दिवंगत पिता दिग्विजय सिंह के इस क्षेत्र से आत्मीय संबंधों को भावुकता के साथ याद किया. साथ ही वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की कामना की. (नीचे भी पढ़ें)

पूजा कमिटी के मुख्य संरक्षक एवं पूर्व विधायक अरविन्द कुमार सिंह ने पंडाल की विशेषताओं की जानकारी देते हुए बताया कि पश्चिम बंगाल के मेचेदा से आए कुशल कारीगरों ने हिमाचल प्रदेश के प्राचीन और भव्य शिव मंदिर की थीम पर इसका निर्माण किया है. पंडाल में पहाड़ों, पथरीले क्षेत्रों, वन्यजीवों और मानव के बीच सह-अस्तित्व की सुंदर झलक प्रस्तुत की गई है. आकर्षक विद्युत सज्जा और कलात्मक निर्माण पंडाल की भव्यता को और बढ़ा रहे हैं. (नीचे भी पढ़ें)

उद्घाटन समारोह में विधायक मंगल कालिन्दी, मीरा मुंडा, पूजा समिति के संरक्षक अमरप्रीत सिंह काले, एके श्रीवास्तव, अध्यक्ष सह उप महापौर अंकुर सिंह, पूर्व उप महापौर अमित सिंह, झारखंड क्षत्रिय संघ के अध्यक्ष शंभूनाथ सिंह, कांग्रेस नेता ऋषि मिश्रा, बारी मुर्मू, वीरेंद्र सिंह, शंकर सिंह, राजीव रंजन मुन्ना, सरयू पासवान, जगदीश नारायण चौबे, मजदूर नेता भगवान सिंह, समरेंद्र नाथ तिवारी, अरुण सिंह और बसंत प्रसाद सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे. पंडाल के खुलने के साथ ही क्षेत्र में दुर्गोत्सव की रौनक बढ़ गई और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला.





