जमशेदपुर: जमशेदपुर के बिरसानगर जोन नंबर-1 स्थित ब्लिंकिट स्टोर के बाहर डिलीवरी बॉय ने पेआउट बढ़ाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया. डिलीवरी बॉय ने अपनी मांगों को लेकर नाराजगी जाहिर करते हुए कंपनी प्रबंधन के खिलाफ विरोध जताया. प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का आरोप है कि पेआउट बढ़ाने की मांग उठाने और विरोध में शामिल होने वाले डिलीवरी बॉय की आईडी होल्ड की जा रही है. उनका कहना है कि प्रदर्शन जारी रखने पर आईडी दोबारा चालू नहीं करने की धमकी भी दी जा रही है. इससे कर्मचारियों के सामने काम और रोजी-रोटी को लेकर चिंता बढ़ गई है. कर्मचारियों ने मांग की कि उनके पेआउट में बढ़ोतरी की जाए और विरोध करने के कारण किसी भी कर्मचारी की आईडी बंद या होल्ड नहीं की जाए. (नीचे भी पढ़ें)

उनका कहना है कि अपनी मांगों को शांतिपूर्ण तरीके से उठाने का अधिकार मिलना चाहिए. फिलहाल, इस मामले में कंपनी प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आने की जानकारी नहीं है. कर्मचारियों की मांगों पर प्रबंधन क्या कदम उठाता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं.


















