चांडिल : चांडिल के प्रसिद्ध व्यवसायी सुरेश चौधरी के आवास पर विगत दिनों हुई डकैती की घटना से क्षेत्र के व्यापारियों में गहरे आक्रोश एवं भय का माहौल है. इस घटना ने व्यापारियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. क्षेत्र में लगातार इस प्रकार की आपराधिक घटनाओं से व्यापारी समुदाय स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहा है. घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय व्यापारियों के आग्रह पर सोमवार को सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री का एक प्रतिनिधिमंडल चांडिल पहुंचा. प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित व्यवसायी सुरेश चौधरी एवं उनके परिवार से मुलाकात कर घटना की विस्तृत जानकारी ली तथा इस कठिन परिस्थिति में उनके साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया. चैंबर के सदस्यों ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि व्यापारिक समुदाय इस संकट की घड़ी में उनके साथ है और उन्हें न्याय दिलाने के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा. (नीचे भी पढ़ें)
चेंबर अध्यक्ष मानव केडिया ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर ही जिले के आरक्षी अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी एवं चांडिल थाना प्रभारी सनतन तिवारी से दूरभाष पर बात की. चैंबर की ओर से घटना का शीघ्र उद्भेदन करने, डकैती में शामिल सभी अपराधियों को अविलंब गिरफ्तार करने तथा लूटे गए माल की शत-प्रतिशत बरामदगी सुनिश्चित कराने की मांग की गई। प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस प्रशासन से इस मामले में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए व्यापारियों के बीच सुरक्षा का विश्वास बहाल करने का आग्रह किया. चैंबर के प्रतिनिधियों ने कहा कि व्यापारी वर्ग देश और राज्य की अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के साथ-साथ रोजगार सृजन एवं राजस्व में महत्वपूर्ण योगदान देता है। ऐसे में व्यापारियों और उनके परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। यदि अपराधियों के विरुद्ध त्वरित और कठोर कार्रवाई होती है, तो इससे अपराधियों में कानून का भय स्थापित होगा तथा आम नागरिकों एवं व्यापारियों का पुलिस प्रशासन पर विश्वास और मजबूत होगा. (नीचे भी पढ़ें)
चैंबर ने पुलिस प्रशासन से यह भी अपेक्षा की कि चांडिल एवं आसपास के व्यापारिक क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जाए, नियमित गश्त बढ़ाई जाए तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो. चैंबर ने स्पष्ट किया कि व्यापारियों की सुरक्षा एवं उनके हितों की रक्षा के लिए चैंबर सदैव प्रतिबद्ध है. चैंबर को उम्मीद है कि पुलिस प्रशासन इस घटना को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शीघ्र कार्रवाई करेगी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के साथ-साथ क्षेत्र के व्यापारियों में सुरक्षा की भावना पुनः स्थापित करेगा. आज के इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व चैंबर अध्यक्ष मानव केडिया ने किया, जबकि प्रतिनिधिमंडल में उपाध्यक्ष अनिल मोदी, राजीव अग्रवाल, महासचिव पुनीत कांवटिया एवं सचिव श्री विनोद शर्मा शामिल थे.





