बहरागोड़ा : बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के राजलाबांध पंचायत अंतर्गत पाटपुर गांव में अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाकर करीब छह तोला सोने के जेवरात और दो हजार रुपये नकद चोरी कर लिए. चोरी गए जेवरात घर के मालिक सुरेंद्र कुमार केसवानी उर्फ मुन्ना भाई ने अपनी बेटी की शादी के लिए खरीदकर रखे थे. (नीचे भी पढ़ें)
मिली जानकारी के अनुसार, पाटपुर गांव में बीएसएनएल एक्सचेंज के समीप स्थित सुरेंद्र कुमार केसवानी के घर में चोरी की यह घटना हुई. बताया जाता है कि परिवार के एक सदस्य की तबीयत अचानक बिगड़ने के कारण वे गत 12 सितंबर से इलाज के लिए परिवार के साथ कोलकाता गए हुए थे. इस दौरान घर सूना पड़ा था. परिवार के सदस्य सोमवार को जब घर लौटे, तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला. अंदर जाने पर सामान बिखरे पड़े थे. जांच करने पर बेटी की शादी के लिए रखे करीब छह तोला सोने के जेवरात और दो हजार रुपये नकद गायब मिले. इसके बाद गृहस्वामी ने घटना की सूचना पुलिस को दी. (नीचे भी पढ़ें)
सूचना मिलते ही बहरागोड़ा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है. चोरों का पता लगाने के लिए पुलिस अपने स्तर से जांच कर रही है.





