जमशेदपुर : जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र के जेम्को महानंद बस्ती में हनुमान मंदिर के ठीक सामने कचरे के ढेर में मवेशी के बच्चे का शव मिलने से सोमवार की रात इलाके में सनसनी फैल गई. घटना के बाद स्थानीय लोगों और धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने मौके पर जुटकर आक्रोश जताया. लोगों ने करीब एक घंटे तक हंगामा किया और मामले में दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की. सूचना मिलने पर टेल्को थाना पुलिस और क्यूआरटी मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रित किया. (नीचे देखे पूरी खबर)

एहतियात के तौर पर घटनास्थल पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब 10 बजे महानंद बस्ती स्थित हनुमान मंदिर के सामने कचरे के ढेर में एक बोरे में मवेशी के बच्चे का शव मिला. बताया जाता है कि मवेशी के बच्चे की मौत के बाद उसके शव को बोरे में बंद कर कचरे में फेंक दिया गया था. बाद में कुत्तों ने बोरे को नोचकर फाड़ दिया और शव को कचरे से निकालकर मंदिर से कुछ दूरी पर ले आए. इसी दौरान लोगों की नजर शव पर पड़ी और इलाके में आक्रोश फैल गया. घटना से नाराज स्थानीय लोगों ने आशंका जताई कि किसी असामाजिक तत्व ने धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने और क्षेत्र का माहौल बिगाड़ने के इरादे से ऐसा किया है. हालांकि, घटना के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है. (नीचे देखे पूरी खबर)

आक्रोशित लोगों ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की जल्द पहचान करने और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की. हंगामे की सूचना मिलते ही टेल्को थाना पुलिस और क्यूआरटी घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया. इलाके में किसी तरह की अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. साथ ही प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की है.





