आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में कृषि विज्ञान केंद्र के समीप मंगलवार को एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. शव मिलने की सूचना पर आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की. मृतक की पहचान रथू महतो के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि वह पेशे से चालक था और किसी निजी कंपनी में काम करता था. युवक का शव मिलने की सूचना के बाद परिजनों में मातम का माहौल है. (नीचे भी पढ़ें)
वहीं, परिजनों ने युवक की हत्या किए जाने की आशंका जताई है. फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा नहीं हो सका है. पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है. युवक की मौत हत्या, दुर्घटना या किसी अन्य कारण से हुई है, यह अभी स्पष्ट नहीं है. पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है. जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा.





