जमशेदपुर : जमशेदपुर के बर्मामाइंस दुर्गा पूजा मैदान में लगे मेले में रविवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मौत के कुएं में करतब दिखा रही एक युवती की बाइक में अचानक आग लग गई. देखते ही देखते बाइक आग की लपटों से घिर गई. इस हादसे में युवती के झुलसने की सूचना है. उसे इलाज के लिए भेजा गया. घटना के बाद मेले में मौजूद दर्शकों के बीच हड़कंप मच गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रविवार रात मौत के कुएं में बाइक से करतब दिखाया जा रहा था. इस दौरान बड़ी संख्या में लोग वहां मौजूद थे और रोमांचक प्रदर्शन देख रहे थे. तभी अचानक बाइक में आग लग गई. आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई. (नीचे भी पढ़ें)
दर्शक अपनी सुरक्षा को लेकर इधर-उधर हटने लगे. घटना के दौरान मौजूद कुछ लोगों ने अपने मोबाइल फोन से पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया. अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. घटना के बाद मेले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं. बताया जा रहा है कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया. हालांकि, आग की चपेट में आने से बाइक पूरी तरह जल गई. युवती के झुलसने की सूचना भी सामने आई है.फिलहाल बाइक में आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है. आशंका जताई जा रही है कि तकनीकी खराबी के कारण यह घटना हुई होगी. हालांकि, वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.





