जमशेदपुर: सरायकेला जिला के पदमपुर स्थित बिजली उत्पादक कंपनी आधुनिक पावर एंड नेचुरल रिसोर्सेज लिमिटेड ने आधुनिक ग्रुप के संस्थापक स्वर्गीय महादेव प्रसाद अग्रवाल की 101वीं जयंती को संस्थापक दिवस के रूप में मनाया. इस अवसर पर कंपनी परिसर स्थित स्वास्थ्य केंद्र‘जीवनदायिनी’में आयोजित रक्तदान शिविर के माध्यम से संस्थापक को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई. शिविर में कुल 71 यूनिट रक्त संग्रह किया गया.रक्तदान शिविर का आयोजन कंपनी ने वॉलंटियर ब्लड डोनर एसोसिएशन और जमशेदपुर ब्लड बैंक के सहयोग से किया. शिविर में पिंड्राबेड़ा, रामजीवनपुर, बड़ाहरिहरपुर, छोटाहरिहरपुर, श्रीरामपुर और पदमपुर सहित आसपास के गांवों के ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया. कंपनी के कर्मचारी राहुल कुमार ने लगातार चौथे वर्ष शिविर में सबसे पहले रक्तदान कर सेवा और समर्पण की प्रेरक मिसाल पेश की.(नीचे भी पढ़े)

इस अवसर पर आधुनिक पावर के प्रमोटर घनश्यामदास अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि संस्थापक दिवस केवल एक महान व्यक्तित्व की जयंती मनाने का अवसर नहीं, बल्कि उनके आदर्शों, मूल्यों और जीवन-दर्शन को आत्मसात करने का संकल्प लेने का दिन है. उन्होंने कहा कि रक्तदान जैसे पुनीत कार्य के माध्यम से किसी जरूरतमंद को जीवन की नई उम्मीद मिल सकती है.
कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अरुण कुमार मिश्रा ने रक्तदाताओं और आयोजन में सहयोग देने वाली संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्थापक दिवस पर आयोजित यह रक्तदान शिविर केवल एक स्वास्थ्य संबंधी पहल नहीं, बल्कि मानवता के प्रति कंपनी की प्रतिबद्धता का प्रतीक है.(नीचे भी पढ़े)

रक्तदान शिविर से पूर्व कंपनी परिसर में स्थापित स्वर्गीय महादेव प्रसाद अग्रवाल की प्रतिमा पर अधिकारियों और कर्मचारियों ने माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया. इस दौरान उपस्थित लोगों ने उनके आदर्शों, सिद्धांतों और दूरदर्शी सोच को अपने कार्यों तथा व्यवहार में अपनाने का संकल्प लिया. कार्यक्रम के समापन पर कंपनी के सीएसआर विभाग के संजीत सिन्हा ने सभी रक्तदाताओं, ग्रामीणों, सहयोगी संस्थाओं और आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया. उन्होंने विशेष रूप से वॉलंटियर ब्लड डोनर एसोसिएशन के सदस्यों डॉ निर्जला झा, मोहन मंडल, तापस, अभिजीत, सौमिक, सलीम, हीरालाल, मृणाल रक्षित, विश्वकर्मा, नरेश कुमार एवं संतोष कुमार सिन्हा के सक्रिय प्रयासों की सराहना की, जिनकी महत्वपूर्ण भूमिका से रक्तदान शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ.





