बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड के एनएच झरिया से मुख्य सड़क मानखंदा होते हुए झाटियाशोल एवं चौरंगी जाने वाली सड़क जर्जर है. उक्त सड़क से कई गांव मधुआबेड़ा, गोहालडीही, चड़कमारा, शिकारीशाई, डिंगाशाई, दरखुली,मानखंदा, झाटियाशोल, मधुपुर गांव के लोग इस सड़क से आना जाना करते हैं. इससे यहां की बड़ी आबादी को आवागमन करने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनायी गयी यह सड़क कई गांव को जोड़ने वाली मुख्य सड़क है. इसके बावजूद कई वर्षों से यह सड़क जर्जर पड़ी है. सड़क पर जगह जगह बड़े गड्ढे उभर आए है और कीचड़ के कारण ग्रामीणों का चलना मुश्किल हो गया है. (नीचे भी पढ़ें)
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क पर उभरे गड्ढों में जलजमाव की वजह से कई तरह की परेशानी झेलनी पड़ती है. सब्जी उत्पादन कर बाजार पहुंचाना, बच्चों की पढ़ाई के लिए स्कूल आना जाना, रोगियों को डॉक्टर के पास ले जाने में ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है. स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राओं को अधिक का समय लग जाता है जो लोग बहरागोड़ा बाजार और गांव के बीच यात्रा करते हैं, उन्हें गड्डों से भरे सड़कों पर आवागमन करने में मुश्किलों का सामना करना पड़ता है. हर साल बरसात के मौसम में सड़क की हालात बद से बदतर हो जाती है. लोगों ने बताया कि सड़क की हालत इतनी बदतर है कि अब इस पर अलकतरा भी नजर नहीं आता है. सड़क पर दो पहिया वाहन और साइकिल चालक भी अनियंत्रित होकर गिरकर घायल होते हैं. ग्रामीणों का कहना है कि खराब सड़क की स्थिति एक राजनीतिक मुद्दा बन गई है. लोगों ने कहा कि करीब 5 किमी की दूरी तय करने में लगभग 20 मिनट का समय लग जाता है, क्योंकि गड्डों के कारण यातायात धीमा हो जाता है, जिससे स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राओं को अधिक का समय लग जाता है.












