चक्रधरपुर: लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर चक्रधरपुर में प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं. सोमवार की शाम को पोड़ाहाट अनुमंडल पदाधिकारी श्रुति राजलक्ष्मी ने शहरी क्षेत्र के प्रमुख सीढ़ी घाट और थाना घाट का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर की जा रही व्यवस्थाओं की समीक्षा की.निरीक्षण के क्रम में अनुमंडल पदाधिकारी ने नगर परिषद के अधिकारियों को छठ पूजा समितियों के साथ समन्वय स्थापित कर सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया. उन्होंने छठ घाटों एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष साफ-सफाई कराने, घाटों का रंग-रोगन करने, पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने तथा आवागमन के रास्तों को सुगम बनाने पर विशेष जोर दिया.(नीचे भी पढ़े)
उन्होंने कहा कि छठ पूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु घाटों पर पहुंचते हैं. ऐसे में उनकी सुविधा और सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए. किसी भी श्रद्धालु को घाट तक पहुंचने या पूजा-अर्चना करने में परेशानी नहीं होनी चाहिए. इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें.सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए एसडीओ ने नदी के गहरे पानी वाले स्थानों को चिह्नित कर वहां मजबूत बैरिकेडिंग कराने का निर्देश दिया.इसके अलावा घाटों के आसपास उगी झाड़ियों की कटाई कराने तथा घाटों को स्वच्छ और सुरक्षित बनाने को कहा. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पर्व से पहले सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं, ताकि छठ व्रतियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़े. इस मौके पर नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव, उपाध्यक्ष विजय कुमार साव समेत अन्य मौजूद थे.












