जमशेदपुर: नीट यूजी काउंसलिंग के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है. रांची स्थित एमआई एजुकेशन सर्विसेज के संचालक शशिभूषण कुमार पर जमशेदपुर के धतकीडीह निवासी महिला निगार अख्तर से 3 लाख 50 हजार रुपये ठगने का आरोप लगा है. इस संबंध में महिला ने साकची थाना में शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. शिकायत के अनुसार, धतकीडीह बी ब्लॉक, लाइन नंबर एक निवासी निगार अख्तर अपनी बेटी को डॉक्टर बनाना चाहती थीं. इसी दौरान उनकी मुलाकात रांची के एमआई एजुकेशन सर्विसेज संचालक शशिभूषण कुमार से हुई. आरोप है कि शशिभूषण ने महिला को भरोसा दिलाया कि वह उनकी बेटी की नीट यूजी काउंसलिंग में मदद कर उसे सफल करवा देगा. उसकी बातों पर विश्वास कर महिला ने 27 जुलाई 2025 को उसे 3 लाख 50 हजार रुपये दे दिए. हालांकि, काउंसलिंग प्रक्रिया में उनकी बेटी को सफलता नहीं मिली. (नीचे भी पढ़ें)
इसके बाद महिला ने आरोपी से अपने रुपये वापस मांगने शुरू किए. आरोप है कि आरोपी लगातार पैसे लौटाने में टालमटोल करता रहा. काफी समय बीत जाने के बाद भी जब रुपये वापस नहीं मिले तो महिला ने दोबारा पैसे की मांग की. महिला का आरोप है कि इस बार आरोपी ने रुपये लौटाने से साफ इनकार कर दिया और धमकी देते हुए कहा कि वह पैसे नहीं देगा, जो करना है कर लो. इतना ही नहीं, पुलिस में शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी भी दी. इसके बावजूद महिला ने हिम्मत जुटाकर साकची थाना पहुंचकर आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और पूरे प्रकरण की जांच में जुट गई है.












