चाईबासा : सूरजमल जैन डीएवी पब्लिक स्कूल, चाईबासा के विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक एवं प्रतिभा खोज प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया है. झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद द्वारा आयोजित ‘झारखंड स्कूल टैलेंट सर्च 2026 सुर और ताल संग्राम में विद्यार्थियों ने जिला, प्रमंडल एवं राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया. जिला स्तरीय प्रतियोगिता में सोलो सॉन्ग (जूनियर फोक) में आर्या स्मृति (VII-बी) ने तृतीय, सोलो सॉन्ग (सीनियर क्लासिकल) में आयुषी दास (XI-साइंस) ने प्रथम तथा सिद्धि माथुर (IX-डी) ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया. सोलो डांस (जूनियर) में अद्विता आराधना (VI)ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि सीनियर वर्ग में श्रेयोशी गोस्वामी (XI-साइंस) प्रथम एवं संगीत विश्वकर्मा तृतीय स्थान पर रहीं. प्रमंडल स्तरीय प्रतियोगिता में आर्या स्मृति, आयुषी दास, अद्विता आराधना एवं श्रेयोशी गोस्वामी ने जिला टॉपर के रूप में विद्यालय का प्रतिनिधित्व किया. रांची में आयोजित राज्य स्तरीय ग्रैंड फिनाले में आर्या स्मृति ने फोक सॉन्ग श्रेणी में टॉप टेन में स्थान बनाया तथा श्रेयोशी गोस्वामी ने सीनियर वर्ग में चौथा स्थान प्राप्त किया. वहीं आयुषी दास एवं अद्विता आराधना ने भी उत्कृष्ट सहभागिता निभाई. इसके अतिरिक्त, सुरो भारती संगीत कला केंद्र द्वारा आयोजित ऑनलाइन ऑल इंडिया टैलेंट सर्च प्रतियोगिता में आयुषी दास ने क्लासिकल वोकल एवं मॉडर्न सॉन्ग, दोनों विधाओं में प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय को गौरवान्वित किया. डी.ए.वी. बिष्टुपुर द्वारा आयोजित‘उन्मयम 2026’में भी विद्यार्थियों ने शानदार उपलब्धियां हासिल कीं.(नीचे भी पढ़े)
इंडियन फ्यूजन ग्रुप डांस में सरोज डोंगो, मनाली कुजूर, अनुपमा मुंडूइया, अनुष्का मुंडूइया, अभिलाषा पिंगुआ, वैशाली पिंगुआ, मनप्रीत पाटपिंगुआ, अंजलि गुप्ता, आहेली चक्रवर्ती एवं दीपिका गोप की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया. कोडिंग इवेंट में आयुष्मान झा एवं हर्ष चौरसिया प्रथम रहे, जबकि रैम्प वॉक में मिशीका गागराई, प्रतिभा लागुरी, गिर्तिका सामंता, ऋचा लमय, गुरिया रानी, सरस्वती अल्दा, नेस्कन हेम्ब्रम, कृष्णा बारी एवं सृष्टि बिरुआ की टीम ने तृतीय स्थान हासिल किया. डीएवी स्पोर्ट्स-2025 की नेशनल लेवल प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने वाले सूरजमल जैन डीएवी पब्लिक स्कूल के 7 विद्यार्थियों ऋषिका शर्मा, समृद्धि प्रिया, सौम्या प्रभा सोय, पेरिस मुर्मू (शतरंज), अमृता हाइबुरु (ताइक्वांडो), अनुष्का कुमारी पात्रा और आर्यन राज यादव (कराटे) को खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतने के लिए डीएवी सीएमसी की ओर से 5100 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी गई. विद्यालय के प्रधानाचार्य द्वारा सभी विद्यार्थियों को चेक प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया. इन शानदार उपलब्धियों के उपलक्ष्य में विद्यालय की विशेष प्रार्थना सभा में प्राचार्य सह एआरओ ओपी मिश्रा ने सभी विजेता एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों को सम्मानित किया. उन्होंने विद्यार्थियों की मेहनत, लगन एवं प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल शैक्षणिक उपलब्धियां प्राप्त करना ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की छिपी प्रतिभा को पहचानकर उसे उचित मंच प्रदान करना भी है. उन्होंने सभी बच्चों को भविष्य में भी इसी उत्साह और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने तथा विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन करने की शुभकामनाएं दीं. इस अवसर पर विद्यालय परिवार के शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने भी विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. प्राचार्य ने संगीत शिक्षक ओमीर चंद्र दास, शिक्षिका सीमा चौधरी, खेल शिक्षक जयप्रकाश, प्रदीप बिरुवा समेत अन्य शिक्षकों को भी इसका श्रेय दिया.












