जमशेदपुर : जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय के वाणिज्य विभाग में जमशेदपुर आयकर विभाग की ओर से सतर्कता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. छात्राओं में सतर्कता, ईमानदारी, पारदर्शिता एवं भ्रष्टाचार के प्रति जागरूकता बढ़ाने एवं उन्हें अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति सजग करने के उद्देश्य से आयोजित यह कार्यक्रम जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो इला कुमार एवं जमशेदपुर के मुख्य आयकर आयुक्त सलिल मिश्रा के दिशा-निर्देशन में आयोजित हुआ. दीप प्रज्वलन के साथ आरंभ कार्यक्रम में वाणिज्य विभाग की डीन डॉ दीपा सरन ने आगत अतिथियों का स्वागत किया. अपने संबोधन में कार्यक्रम के उद्देश्यों पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला. उन्होंने छात्राओं को सतर्कता, ईमानदारी एवं पारदर्शिता के महत्व से अवगत कराया. इसके बाद जमशेदपुर के आयकर उपायुक्त आशीष कुमार, आयकर अधिकारी सत्येन्द्र कुमार, प्रवीण कुमार चौहान एवं आयकर निरीक्षक विपिन कुमार सिंह ने कार्यक्रम को आगे बढ़ाया. (नीचे भी पढ़ें)

इस अवसर पर आयकर अधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने आयकर विभाग एवं सतर्कता से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की. उन्होंने आयकर की कार्यप्रणाली, सतर्कता के महत्व, केंद्रीय सतर्कता आयोग के गठन, मुख्य सतर्कता अधिकारी की भूमिका तथा भ्रष्टाचार रोकने के लिए अपनाए जाने वाले उपायों की विस्तृत जानकारी दी. उनके संबोधन से छात्राओं को आयकर विभाग एवं सतर्कता व्यवस्था की कार्यप्रणाली को समझने का अवसर मिला. इसके पश्चात् उपस्थित सभी लोगों ने सतर्कता जागरूकता की शपथ लेते हुए अपने कार्यों में ईमानदारी, पारदर्शिता एवं नैतिक मूल्यों को अपनाने का संकल्प लिया. (नीचे भी पढ़ें)
कार्यक्रम को और रोचक एवं ज्ञानवर्धक बनाने के लिए प्रवीण कुमार चौहान ने एक त्वरित प्रश्नोत्तरी (क्विज) का आयोजन किया. इसमें छात्राओं ने पूरे उत्साह और सक्रियता के साथ हिस्सा लिया तथा अपने ज्ञान का प्रदर्शन किया. प्रतियोगिता में विजयी प्रतिभागियों को आशीष कुमार ने पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया. अंत में आयकर विभाग के इंस्पेक्टर विपिन कुमार सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया और कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान करने वाले सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं छात्राओं का आभार व्यक्त किया. इस कार्यक्रम को सफल बनाने में वाणिज्य विभाग की डीन डॉ दीपा सरन, विभागाध्यक्ष डॉ ग्लोरिया पुर्ती, डॉ कामिनी कुमारी, डॉ छगनलाल अग्रवाल एवं जयन्ती प्रधान ने अहम भूमिका निभाई.












