आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत राममड़ैया बस्ती में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है. मृतका की पहचान माधुरी मछुआ के रूप में हुई है. मंगलवार देर रात गंभीर अवस्था में उसे टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया. घटना की जानकारी मिलने के बाद मायके पक्ष के परिजनों में शोक के साथ आक्रोश है. जानकारी के अनुसार, माधुरी का मायका पश्चिम सिंहभूम जिले में है. करीब तीन वर्ष पूर्व उसने गणपत मछुआ के साथ प्रेम विवाह किया था. परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही उसे ससुराल में प्रताड़ित किया जा रहा था. (नीचे भी पढ़ें)
इसी बीच उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मायके पक्ष के लोगों ने महिला की मौत पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है. परिजनों का यह भी आरोप है कि माधुरी की मौत के बाद ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़कर फरार हो गए हैं. हालांकि, उनके फरार होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. फिलहाल ससुराल पक्ष की ओर से इस मामले में कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा. घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं.












