जमशेदपुर : जमशेदपुर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए परसुडीह थाना पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है. दोनों पर ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री में शामिल होने का आरोप है. पुलिस ने उनके पास से 12.54 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया है. वहीं, मौके से एक अन्य युवक पुलिस को चकमा देकर फरार होने में सफल रहा. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान करनडीह लाइन टोला निवासी धानो हांसदा और मानगो निवासी सकिल अहमद के रूप में हुई है. फरार युवक की पहचान दुबराज किस्कू के रूप में की गई है. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस के अनुसार, 3 नवंबर की रात गुप्त सूचना मिली थी कि परसुडीह स्थित श्यामा प्रसाद कॉलेज के पीछे मैदान में कुछ युवक ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रहे हैं. सूचना मिलते ही पुलिस ने टीम गठित कर बताए गए स्थान पर छापेमारी की. पुलिस की टीम को देखते ही वहां मौजूद युवकों में भगदड़ मच गई. इस दौरान दुबराज किस्कू मौके से भाग निकला, जबकि धानो हांसदा और सकिल अहमद को पुलिस ने पकड़ लिया. तलाशी के दौरान दोनों के पास से 12.54 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुआ. (नीचे भी पढ़ें)
इस मामले में परसुडीह थाना के पदाधिकारी सनत टुडू के बयान पर तीनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस ने गिरफ्तार दोनों युवकों से पूछताछ के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. वहीं, फरार आरोपी दुबराज किस्कू की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.












