जमशेदपुर : जमशेदपुर पुलिस ने आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान और पुलिस-पब्लिक समन्वय को मजबूत करने की दिशा में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है. वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. ऐहतेशाम वकारिब के निर्देशानुसार, 1 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 के बीच जिले के सभी थाना क्षेत्रों में चलाए गए विशेष जनसेवा अभियानों के तहत कुल 93.5 प्रतिशत मामलों का सफल निष्पादन किया गया है. (नीचे भी पढ़ें)
अक्टूबर माह की प्रमुख उपलब्धियां:
शिकायतों का समाधान: विभिन्न माध्यमों से थानों में प्राप्त कुल 828 शिकायतों में से 689 का त्वरित निपटारा किया गया, जो कि 83.2 प्रतिशत से अधिक है.
सत्यापन कार्य: नौकरी, पासपोर्ट और चरित्र सत्यापन से जुड़े 2,676 आवेदनों में से 2,605 का निष्पादन कर लगभग 97.3 प्रतिशत का आंकड़ा हासिल किया गया.
घरेलू व भूमि विवाद: थाना स्तर पर आए 331 घरेलू विवादों में से 292 मामलों को सुलझाया गया. इसके अतिरिक्त, भूमि विवाद सुलझाने के लिए 56 पुलिस-पब्लिक बैठकें आयोजित की गईं, जिनमें 48 सुनवाई योग्य मामलों पर कार्रवाई की गई.
कम्युनिटी पुलिसिंग: जनता और पुलिस के बीच संवाद बढ़ाने के लिए जिले भर में 101 कम्युनिटी पुलिसिंग कार्यक्रम आयोजित किए गए. (नीचे भी पढ़ें)
एसएसपी का सख्त निर्देश: एसएसपी डॉ. ऐहतेशाम वकारिब ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया है कि वे जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशील रहें और शिकायतों का समयबद्ध व निष्पक्ष निपटारा सुनिश्चित करें. पुलिस प्रशासन का लक्ष्य है कि हर नागरिक की बात को गंभीरता से सुना जाए और कानूनी प्रावधानों के तहत उन्हें त्वरित न्याय दिलाया जा सके.












