जमशेदपुर: लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने अपने विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया. इस दौरान उनके साथ जमशेदपुर नोटिफाइड एरिया कमेटी के पदाधिकारी भी मौजूद रहे. विधायक ने पांडेय छठ घाट, बाहरा छठ घाट सहित कई प्रमुख छठ घाटों का जायजा लिया और वहां चल रही तैयारियों की जानकारी ली. निरीक्षण के दौरान विधायक को कई घाटों पर साफ-सफाई, व्यवस्था और अन्य बुनियादी सुविधाओं से संबंधित खामियां दिखाई दीं. इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कमियों को दूर करने तथा छठ पूजा से पहले सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने विशेष रूप से घाटों की साफ-सफाई, पहुंच मार्ग की व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा का ध्यान रखने को कहा. इस मौके पर विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि छठ पूजा आस्था और विश्वास का महापर्व है. इस पर्व में व्रती महिलाएं लगभग 36 घंटे तक निर्जला व्रत रखकर भगवान सूर्य की उपासना करती हैं और अस्ताचलगामी एवं उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करती हैं. ऐसे में छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि सभी छठ घाटों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया जा रहा है, ताकि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें. उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि छठ पूजा से पहले सभी घाटों की सफाई और आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी कर ली जाएं.












