जमशेदपुर: जमशेदपुर के ग्रामीण इलाका कमलपुर थाना क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 286 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की है. पुलिस ने इस मामले में गुमटी संचालक गणेश महतो को गिरफ्तार किया है. बरामद शराब की कुल मात्रा 62.985 लीटर बताई गई है, जिसका अनुमानित बाजार मूल्य करीब 70 हजार रुपये है.पुलिस के अनुसार, वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब को गुप्त सूचना मिली थी कि कमलपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बंकुचिया स्थित बंकुचिया मोड़ पर गणेश महतो की गुमटी में अवैध रूप से विदेशी शराब की खरीद-बिक्री की जा रही है. साथ ही वहां शराबियों को बैठाकर शराब भी पिलाई जाती है.सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए एसएसपी के निर्देश पर कमलपुर थाना प्रभारी धनंजय कुमार पासवान के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया. इसके बाद मंगलवार, 10 नवंबर की शाम करीब 7:30 बजे पुलिस टीम ने बंकुचिया मोड़ स्थित गुमटी में छापेमारी की. इस दौरान गुमटी के पीछे बने कमरे की तलाशी लेने पर 10 पेटियों में रखी विभिन्न ब्रांड की विदेशी शराब बरामद हुई.(नीचे भी पढ़े)

पुलिस ने मौके पर मौजूद गणेश महतो से शराब बिक्री से संबंधित लाइसेंस और वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका. इसके बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया और शराब को जब्त कर लिया.जब्त शराब में रॉयल चैलेंज व्हिस्की की 180 एमएल की 93 और 375 एमएल की 31 बोतलें, आइकॉनिक व्हाइट एलीट व्हिस्की की 375 एमएल की 18 और 180 एमएल की 43 बोतलें शामिल हैं. इसके अलावा स्टर्लिंग रिजर्व बी7 व्हिस्की की 375 एमएल की 10 और 180 एमएल की 77 बोतलें तथा ओल्ड मोंक रम की 180 एमएल की 14 बोतलें बरामद की गईं.इसके साथ ही शराब पीने में इस्तेमाल की गई दो आधी भरी शराब की बोतलें, पानी की दो आधी भरी बोतलें और छह डिस्पोजेबल गिलास भी पुलिस ने जब्त किए हैं.(नीचे भी पढ़े)
गिरफ्तार आरोपी की पहचान गणेश महतो, पिता दुबराज महतो, निवासी ग्राम एवं पोस्ट बंकुचिया, थाना कमलपुर के रूप में हुई है. इस संबंध में कमलपुर थाना कांड संख्या 21/2026, दिनांक 10 नवंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 275/292 तथा उत्पाद अधिनियम 1915 की धारा 47(ए) के तहत मामला दर्ज किया गया है.छापेमारी दल में थाना प्रभारी धनंजय कुमार पासवान, पुअनि पुरुषोत्तम कुमार राय, पुअनि रमेश कुमार पांडेय, हवलदार रामलाल सिंह, आरक्षी बिनोद यादव, चालक हवलदार कमल किशोर मिश्रा तथा चौकीदार देबाशीष हेंब्रम और भक्तरंजन महतो शामिल थे.












