जमशेदपुर : सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए जमशेदपुर के सोनारी उपकार संघ की ओर से बुधवार को मां जगदम्बा मंदिर प्रांगण में निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया. शिविर का आयोजन त्रिनेत्रम आई हॉस्पिटल (नेत्रम) के सौजन्य से किया गया. शिविर में कुल 150 लोगों की नेत्र जांच की गई. शिविर का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के जरूरतमंद एवं आम नागरिकों को बेहतर नेत्र स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा लोगों को आंखों की नियमित जांच एवं देखभाल के प्रति जागरूक करना था. इस अवसर पर त्रिनेत्रम आई हॉस्पिटल की चिकित्सा टीम द्वारा उपस्थित लोगों की आंखों की जांच की गई. साथ ही जरूरतमंद लोगों को चश्मे से संबंधित निःशुल्क परामर्श एवं आंखों की देखभाल के लिए आवश्यक चिकित्सकीय मार्गदर्शन प्रदान किया गया. शिविर के दौरान लोगों को आंखों में होने वाली विभिन्न समस्याओं, उनके बचाव तथा समय-समय पर नेत्र परीक्षण कराने के महत्व के बारे में भी जानकारी दी गई. स्थानीय नागरिकों ने इस जनहितकारी पहल में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और शिविर का लाभ उठाया. (नीचे भी पढ़े)
इस अवसर पर उपकार संघ के अध्यक्ष सतपाल साहू, उपाध्यक्ष उमाशंकर शर्मा, महासचिव विश्वकर्मा वर्मा, सचिव राजीव वर्मा, कोषाध्यक्ष नरेंद्र साहू, सहकोषाध्यक्ष बालकृष्ण साहू, साहिल शर्मा, व्यवस्था प्रभारी हेमंत साहू, नरेश शर्मा एवं विकास वर्मा उपस्थित रहे. वहीं संघ के संरक्षक श्याम लाल साहू एवं बलराम लोधी सहित उपकार संघ के सभी सदस्य उपस्थित रहकर शिविर के सफल आयोजन में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया. उपकार संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि समाज के जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना संघ की प्राथमिकताओं में शामिल है. इसी उद्देश्य से समय-समय पर विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है. संघ का प्रयास है कि आर्थिक कारणों से कोई भी व्यक्ति आवश्यक स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श से वंचित न रहे. अंत में उपकार संघ की ओर से त्रिनेत्रम आई हॉस्पिटल (नेत्रम) की पूरी चिकित्सा टीम, सहयोगकर्ताओं एवं शिविर में पहुंचे सभी नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया. संघ ने भविष्य में भी इसी प्रकार के सामाजिक एवं स्वास्थ्य संबंधी जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता दोहराई.












