जमशेदपुर : आदिवासी नेत्री एवं समाजसेवी स्वर्गीय निशा भगत को न्याय दिलाने की मांग को लेकर भाजपा कदमा मंडल अध्यक्ष उपेंद्र गिरी के नेतृत्व में कदमा मार्केट में कैंडल मार्च निकाला गया. इस दौरान भाजपा के मंडल पदाधिकारियों, महिला मोर्चा, अनुसूचित जनजाति (एसटी) मोर्चा के पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने कैंडल मार्च में शामिल होकर स्वर्गीय निशा भगत को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की. इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष उपेंद्र गिरी ने कहा कि स्वर्गीय निशा भगत का मामला अत्यंत गंभीर एवं संवेदनशील है. उनके परिवार द्वारा लगाए गए आरोपों और उनके अंतिम बयान को गंभीरता से लेते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आए और दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित हो सके. उन्होंने झारखंड की वर्तमान झारखंड मुक्ति मोर्चा नेतृत्व वाली सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में लगातार सामने आ रही हत्या, दुष्कर्म एवं अन्य आपराधिक घटनाओं ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. (नीचे भी पढ़े)
राज्य की जनता, विशेषकर महिलाएं, स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रही हैं. सरकार केवल बयानबाजी और आश्वासन देने के बजाय महिला सुरक्षा, आदिवासी समाज के सम्मान और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए ठोस कदम उठाए. उन्होंने आगे कहा कि भाजपा कदमा मंडल स्वर्गीय निशा भगत को न्याय दिलाने और पीड़ित परिवार को न्याय मिलने तक अपनी आवाज बुलंद करता रहेगा. कैंडल मार्च में मुख्य रूप से मंडल महामंत्री अरविंद महतो, मंडल उपाध्यक्ष राजकुमार सिंह लोधी, किरण सिंह, सुनीश पांडेय, मंडल मंत्री रेनू झा, देवी प्रसाद, कमल कुमार, कार्यालय प्रभारी टीडी गांगुली, मीडिया प्रभारी संजय सिंह, प्रणब दास, रविंद्र सिंह, किसन लाल वर्मा, रवि डूबे, खुशी ओझा, अंजिता सिंह, ललिता देवी सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति की बहनें एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे. अंत में भाजपा कदमा मंडल की ओर से एक स्वर में मांग की गई कि स्वर्गीय निशा भगत को शीघ्र न्याय मिले, मामले की निष्पक्ष जांच हो, दोषियों पर उचित कानूनी कार्रवाई हो तथा झारखंड में महिलाओं की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था सुनिश्चित की जाए.












