जमशेदपुर : टाटा स्टील द्वारा संचालित टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) ने मरीजों की सुविधा, बेहतर आवागमन, पर्यावरण संरक्षण और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को बेहतर बनाने के उद्देश्य से चार नई सुविधाओं की शुरुआत की. इन सुविधाओं का उदघाटन टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट (कॉरपोरेट सर्विसेज) डीबी सुंदरा रामम और टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु ने टाटा स्टील की जनरल मैनेजर (मेडिकल सर्विसेज) डॉ. विनिता सिंह की उपस्थिति में किया. शुरू की गई नई सुविधाओं में निःशुल्क इलेक्ट्रिक वाहन आधारित ‘सेवा सवारी’ सेवा, एयर-कंडीशंड इमरजेंसी वेटिंग हॉल, 50 किलोग्राम क्षमता वाला बायोगैस प्लांट और फ्रंट केबिन तथा रेडियोलॉजी क्षेत्र को जोड़ने वाला ओवरहेड कॉरिडोर शामिल हैं. (नीचे भी पढ़े)

इन पहलों से मरीजों को बेहतर और सुविधाजनक स्वास्थ्य सेवाएं देने के प्रति टीएमएच की प्रतिबद्धता और मजबूत होगी. साथ ही, इनके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और अस्पताल के कामकाज को अधिक प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया जा रहा है. अस्पताल परिसर में आवागमन को आसान बनाने के प्रयासों के तहत, टीएमएच ने ‘सेवा सवारी’ सेवा के अंतर्गत तीन इलेक्ट्रिक वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. यह निःशुल्क परिवहन सुविधा अस्पताल आने वाले लोगों और मरीजों के परिजनों को परिसर के भीतर एक स्थान से दूसरे स्थान तक आने-जाने में मदद करेगी. यह सेवा प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 8 बजे तक उपलब्ध रहेगी. इमरजेंसी में इलाज करा रहे मरीजों के परिजनों की सुविधा और आराम को ध्यान में रखते हुए, अस्पताल के इमरजेंसी वेटिंग हॉल को भी अपग्रेड किया गया है. यहां अब एयर कंडीशनिंग की सुविधा उपलब्ध है, जिससे मुश्किल समय में मरीजों के परिजनों को अधिक आरामदायक माहौल मिल सकेगा. (नीचे भी पढ़े)
अपने सस्टेनेबिलिटी लक्ष्यों को ध्यान में रखते हुए, टीएमएच ने अस्पताल की रसोई के पास 50 किलोग्राम क्षमता वाले बायोगैस प्लांट की शुरुआत की. इस प्लांट में खाने के बचे हुए हिस्सों और सब्जियों के छिलकों से खाना पकाने के लिए गैस और जैविक खाद तैयार की जाएगी. इससे कचरे का बेहतर प्रबंधन करने और अस्पताल के पर्यावरण पर पड़ने वाले प्रभाव को कम करने में मदद मिलेगी. मरीजों की सुविधा और अस्पताल के कामकाज को और बेहतर बनाने के लिए फ्रंट केबिन और रेडियोलॉजी क्षेत्र के बीच एक ओवरहेड कनेक्टिंग कॉरिडोर भी बनाया गया है. इससे मरीजों को एक जगह से दूसरी जगह आने-जाने में आसानी होगी, अस्पताल के विभिन्न हिस्सों तक पहुंच बेहतर होगी और आंतरिक कामकाज भी सुचारू रूप से हो सकेगा. (नीचे भी पढ़े)
ये सभी पहल टीएमएच के इस निरंतर प्रयास को दर्शाती हैं कि समुदाय को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए अस्पताल को मरीजों के अनुकूल, पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार और बेहतर कार्यप्रणाली वाला बनाया जाए. उदघाटन समारोह में टाटा वर्कर्स यूनियन के डिप्टी प्रेसिडेंट शैलेश कुमार सिंह, महामंत्री सतीश कुमार सिंह, चीफ मेडिकल इंडोर सर्विसेज डॉ. अशोक सुंदर, चीफ मेडिकल सपोर्ट सर्विसेज डॉ. ममता रथ दत्ता, चीफ कॉरपोरेट सर्विसेज वरुण बजाज, चीफ स्पोर्ट्स मुकुल विनायक चौधरी, हेड एडमिनिस्ट्रेशन सिंह राजन सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे.












