रामगोपाल जेना/चक्रधरपुर : शहर की ऐतिहासिक धरोहर भारत भवन के दिन अब बदलने की उम्मीद जगी है. भारत भवन की जर्जर स्थिति का मुद्दा जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में नगर परिषद् अध्यक्ष सन्नी उरांव ने प्रमुखता से उठाया था. बैठक के ठीक दूसरे दिन उपायुक्त मनीष कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता ई राजू मरांडी को अभियंताओं की टीम के साथ स्थल निरीक्षण के लिए भेजा. (नीचे भी पढ़ें)

अभियंताओं की टीम ने नगर परिषद् अध्यक्ष सन्नी उरांव की मौजूदगी में भारत भवन का निरीक्षण कर भवन की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया. निरीक्षण के बाद नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव ने कहा कि चक्रधरपुर की इस ऐतिहासिक धरोहर का अब नए सिरे से निर्माण कराया जाएगा, ताकि इसकी ऐतिहासिक पहचान को संरक्षित रखा जा सके. (नीचे भी पढ़ें)

वहीं, ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता राजू मरांडी ने कहा कि निरीक्षण के दौरान मिली जानकारी एवं भवन की स्थिति से उपायुक्त को अवगत कराया जाएगा. दिशा की बैठक में उठे मुद्दे पर त्वरित पहल के बाद भारत भवन के पुनर्निर्माण की उम्मीद बढ़ गई है.















