बोड़ाम : बोड़ाम थाना क्षेत्र के पोखरिया गांव में रविवार सुबह उस समय दहशत फैल गई, जब घर से टांगी लेकर निकला एक युवक रास्ते में मिलनेवाले ग्रामीणों पर हमला करने लगा. अचानक हुए हमले में आठ लोग घायल हो गए. इनमें 72 वर्षीय बुजुर्ग महिला सरुवाली महतो की हालत गंभीर बताई जा रही है. उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वहीं, अन्य घायलों का इलाज पश्चिम बंगाल के बड़ाबाजार सरकारी अस्पताल सहित विभिन्न स्थानों पर चल रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
घटना सुबह करीब 5:30 बजे की बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार, भीष्म गोराई का 22 वर्षीय पुत्र शंभु गोराई टांगी लेकर अपने घर से निकला. गांव में सबसे पहले उसने सरुवाली महतो पर हमला किया. इस दौरान महिला के दोनों हाथों पर टांगी से वार कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया. इसके बाद युवक गांव में आगे बढ़ा और घरों से बाहर निकले सात अन्य ग्रामीणों पर भी हमला कर दिया. (नीचे भी पढ़ें)
हमले में घायल सरुवाली महतो को उनके पुत्र वीरेश महतो सुबह करीब आठ बजे एमजीएम अस्पताल लेकर पहुंचे. वहां उनका इलाज जारी है. घायलों में मामोनी कर्मकार (65), निर्मल प्रमाणिक (60), राजा सहिस (17) और बुधनी सहिस (50) समेत कई लोग शामिल हैं. ग्रामीणों के मुताबिक, शंभु गोराई पिछले करीब दो वर्षों से मानसिक बीमारी से पीड़ित है और उसका इलाज चल रहा है. बीच में उसकी स्थिति में सुधार भी हुआ था. हालांकि, रविवार सुबह अचानक वह उग्र हो गया और ग्रामीणों पर हमला करने लगा. (नीचे भी पढ़ें)
घटना के बाद युवक के पिता और अन्य परिजनों ने उसे पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह भागकर मोहरीबासा के जंगल में घुस गया. सुबह करीब 11 बजे तक उसका कोई पता नहीं चल सका था. घटना की सूचना बोड़ाम पुलिस को दे दी गई है. पुलिस मामले की जांच करते हुए युवक की तलाश में जुटी है और उसे सुरक्षित तरीके से काबू में करने का प्रयास किया जा रहा है. एक साथ आठ ग्रामीणों पर हमले की घटना के बाद पोखरिया गांव में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है.















